Bikaner News: PBM ट्रॉमा सेंटर में रात्रिकालीन सोनोग्राफी शुरू करने की मांग, भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने प्राचार्य से की मुलाकात

17 Jun 2026 BIKANER
Advertisement

PBM ट्रॉमा सेंटर में रात 8 बजे बाद सोनोग्राफी बंद! भाजपा ने उठाया बड़ा मुद्दा

बीकानेर: संभाग के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल PBM ट्रॉमा सेंटर में रात्रि समय सोनोग्राफी सुविधा शुरू करने की मांग उठी है। इसको लेकर भाजपा देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया की अगुवाई में प्रतिनिधिमंडल ने मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र वर्मा से मुलाकात की।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि PBM ट्रॉमा सेंटर में रोजाना बड़ी संख्या में सड़क दुर्घटनाओं और गंभीर हालत वाले मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। लेकिन रात 8 बजे के बाद सोनोग्राफी सुविधा उपलब्ध नहीं होने से मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

गंभीर मरीजों को जांच के लिए जाना पड़ता है दूसरी बिल्डिंग

भाजपा नेताओं ने बताया कि कई बार गंभीर मरीजों को सोनोग्राफी जांच के लिए PBM अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग स्थित 22 नंबर कक्ष तक ले जाना पड़ता है। इससे समय की बर्बादी होती है और मरीजों के इलाज में देरी की स्थिति बनती है।

रात्रिकालीन सोनोग्राफी शुरू करने की मांग

जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया ने कहा कि जनहित को देखते हुए ट्रॉमा सेंटर में रात के समय सोनोग्राफी सुविधा उपलब्ध करवाई जानी चाहिए। इसके लिए जरूरी चिकित्सकीय स्टाफ और संसाधनों की व्यवस्था की जाए, ताकि आपातकालीन मरीजों को समय पर जांच और उपचार मिल सके।

उन्होंने कहा कि यह सुविधा शुरू होने से आमजन को राहत मिलेगी और सरकारी चिकित्सा व्यवस्था पर लोगों का भरोसा मजबूत होगा।

प्राचार्य ने दिया सकारात्मक आश्वासन

मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र वर्मा ने प्रतिनिधिमंडल को मामले की जांच कर आवश्यक व्यवस्था करने का आश्वासन दिया।

इस दौरान प्रदेश प्रवक्ता भवानी पाईवाल, ओबीसी मोर्चा प्रदेश प्रवक्ता महावीर सिंह चारण, जिला महामंत्री दिलीप सिंह राजपुरोहित, जिला प्रवक्ता महेंद्र ढाका और आईटी संयोजक सुरेंद्र स्वामी मौजूद रहे।

Share: