राजस्थान में निकाय चुनाव से पहले बड़ा फेरबदल! 183 RAS अधिकारियों के तबादले

12 Aug 2026 BIKANER
Advertisement

राजस्थान में निकाय चुनाव से पहले बड़ा फेरबदल! 183 RAS अधिकारियों के तबादले

जयपुर। राजस्थान में निकाय चुनाव से पहले राज्य सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया है। सरकार ने 183 RAS अधिकारियों के तबादले किए हैं। जंबो तबादला सूची में मुख्यमंत्री के OSD योगेश श्रीवास्तव, RAS एसोसिएशन के अध्यक्ष महावीर खराड़ी और चर्चित RAS अधिकारी पिंकी मीणा समेत कई अधिकारियों के नाम शामिल हैं।

वहीं ऊर्जा राज्य मंत्री हीरालाल नागर के SA समेत तीन अधिकारियों को APO किया गया है। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के बाद तीन साल से एक ही स्थान पर तैनात और गृह जिले में पदस्थ अधिकारियों को भी बदला गया है।

निकाय चुनाव से पहले बड़ा प्रशासनिक फेरबदल

निकाय चुनाव की आचार संहिता 15 अगस्त के बाद कभी भी लागू होने की संभावना के बीच सरकार की ओर से किए गए इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। तबादला किए गए अधिकारियों को नई जगह पर तत्काल कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।

CM के OSD योगेश श्रीवास्तव का भी तबादला

तबादला सूची के अनुसार मुख्यमंत्री के OSD योगेश श्रीवास्तव को गंगानगर शुगर मिल्स में महाप्रबंधक (GM) के पद पर लगाया गया है। वहीं RAS एसोसिएशन के अध्यक्ष महावीर खराड़ी को टोंक APRTS के प्रिंसिपल पद से हटाकर अतिरिक्त आयुक्त, TAD उदयपुर की जिम्मेदारी दी गई है।

ऊर्जा राज्य मंत्री के SA समेत तीन अधिकारी APO

ऊर्जा राज्य मंत्री हीरालाल नागर के SA कालूराम का तबादला कर उन्हें APO किया गया है। उनकी जगह पंचायती राज विभाग में अतिरिक्त आयुक्त एवं उपसचिव रहे त्रिलोकचंद मीणा को ऊर्जा राज्य मंत्री का SA बनाया गया है।

इसके अलावा SDO सीकरी मोनिका सामारे और SDO जैसलमेर रामलाल मीणा को भी APO किया गया है।

चर्चित RAS अधिकारी पिंकी मीणा फिर बदलीं

चर्चित RAS अधिकारी पिंकी मीणा का भी करीब सवा महीने बाद फिर तबादला किया गया है। जून में बहाली के बाद उन्हें सवाई माधोपुर में सहायक निदेशक के पद पर पोस्टिंग मिली थी और उन्होंने 1 जुलाई को कार्यभार संभाला था।

अब पिंकी मीणा को दौसा में सहायक कलेक्टर मुख्यालय लगाया गया है। पिंकी मीणा 2021 के हाईवे घूसकांड मामले में निलंबित हुई थीं। कोर्ट के आदेश के बाद उनकी बहाली हुई थी।

चार RAS अधिकारियों के तबादले निरस्त

सरकार ने चार RAS अधिकारियों के पूर्व में किए गए तबादले भी निरस्त किए हैं। इनमें चंद्रभान सिंह भाटी, नंदकिशोर राजोरा, दिनेश कुमार मीणा और रणछोड़ लाल शामिल हैं।

तुरंत नई जगह ज्वाइन करना होगा

कार्मिक विभाग के आदेश के अनुसार तबादला किए गए सभी अधिकारियों को नई जगह पर तत्काल कार्यभार संभालना होगा। जॉइनिंग के लिए अलग से समय नहीं दिया जाएगा।

निकाय चुनाव की संभावित आचार संहिता को देखते हुए राजस्थान सरकार की ओर से किया गया यह बड़ा प्रशासनिक फेरबदल चुनाव से पहले महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Share: