बीकानेर में जल्द दौड़ेंगी ई-बसें! 25 रूट तय, इन इलाकों को मिलेगा सीधा फायदा
बीकानेर। शहर के आम नागरिकों के लिए बड़ी खबर है। बीकानेर में जल्द ही इलेक्ट्रिक बसों यानी ई-बसों का संचालन शुरू होने वाला है। शहर और आसपास के क्षेत्रों में यात्रियों को सुविधाजनक, सस्ती और पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रारंभिक तौर पर 25 रूट तय किए गए हैं।
ई-बस सेवा शुरू होने के बाद महाराजा गंगा सिंह यूनिवर्सिटी से देशनोक और घड़सीसर से गंगाशहर सहित कई महत्वपूर्ण मार्गों पर बसों का संचालन किया जाएगा। इससे बीकानेर शहर की अनेक कॉलोनियां, उपनगर और आसपास के क्षेत्र सार्वजनिक परिवहन से जुड़ जाएंगे।
25 रूट पर शुरू होगी ई-बस सेवा
प्रारंभिक योजना के अनुसार ई-बसों का संचालन जयपुर रोड, बाईपास, नापासर, देशनोक, खारा, उदयरामसर, गंगाशहर, उदासर सहित विभिन्न मार्गों पर किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार यात्रियों की जरूरत और परिवहन व्यवस्था को देखते हुए भविष्य में इन रूटों में बदलाव भी किया जा सकता है।
अस्पताल, रेलवे स्टेशन और कॉलेज भी जुड़ेंगे
नई बस सेवा के जरिए शहर के प्रमुख कॉलेज, विश्वविद्यालय, पीबीएम अस्पताल, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, करणी औद्योगिक क्षेत्र और प्रमुख बाजारों को जोड़ने की योजना है। इससे रोजाना आने-जाने वाले विद्यार्थियों, कर्मचारियों, मरीजों और आम यात्रियों को काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा देशनोक, नापासर, पलाना, उदयरामसर, सुजानदेसर और खारा जैसे बाहरी क्षेत्रों को भी ई-बस नेटवर्क से जोड़ने की तैयारी है।
बीकानेर पहुंचीं 4 ई-बसें
जिला कलेक्टर निशांत जैन के अनुसार अब तक चार ई-बसें बीकानेर पहुंच चुकी हैं, जबकि अन्य बसों का आना अभी बाकी है। बसों का संचालन जल्द शुरू किया जाएगा।
वहीं बीडीए सेक्रेटरी सिद्धार्थ ने बताया कि फिलहाल ई-बसों के लिए रूट तय कर लिए गए हैं और जल्द ही इनका संचालन शुरू होगा। प्रस्तावित रूटों में शहर के प्रमुख अस्पतालों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, शिक्षण संस्थानों, औद्योगिक क्षेत्रों और बाजारों को शामिल किया गया है।
सस्ती और पर्यावरण अनुकूल होगी यात्रा
ई-बस सेवा शुरू होने से यात्रियों को बेहतर और सुगम सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलने के साथ-साथ शहर में प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी। इलेक्ट्रिक बसें पारंपरिक ईंधन से चलने वाले वाहनों की तुलना में पर्यावरण के लिहाज से बेहतर विकल्प मानी जाती हैं।
25 रूट पर ई-बसों का संचालन शुरू होने के बाद बीकानेर शहर के साथ आसपास के क्षेत्रों की पब्लिक ट्रांसपोर्ट कनेक्टिविटी मजबूत होने की उम्मीद है। फिलहाल प्रशासन की ओर से बसों के संचालन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।




