बीकानेर में वीर सावरकर के नाम पर सर्किल और मार्ग, प्रस्ताव सर्वसम्मति से मंजूर

12 Aug 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर में बड़ा फैसला! 1600 मीटर सड़क और सर्किल का नाम होगा वीर सावरकर के नाम

बीकानेर। शहर में महान स्वतंत्रता सेनानी और क्रांतिकारी वीर सावरकर के नाम पर सर्किल और मार्ग का नामकरण किया जाएगा। डॉ. करणी सिंह स्टेडियम के पास एम.एन. अस्पताल के सामने वीर सावरकर की प्रतिमा के आगे स्थित सर्किल का नाम अब वीर सावरकर सर्किल होगा। वहीं, इस सर्किल से करणी भवन के पास स्थित सर्किल तक करीब 1600 मीटर लंबे मार्ग का नाम स्वतंत्रता सेनानी वीर सावरकर मार्ग रखा जाएगा।

सर्वसम्मति से पारित हुए दोनों प्रस्ताव

हाल ही में संभागीय आयुक्त बीकानेर की अध्यक्षता में सार्वजनिक स्थानों एवं राष्ट्रीय मार्गों पर लगाई जाने वाली प्रतिमाओं, सर्किल एवं मार्ग नामकरण को लेकर संभाग स्तरीय समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में स्थानीय निकाय विभाग की ओर से प्रस्तुत दोनों प्रस्तावों को सर्वसम्मति से स्वीकृति दी गई।

समिति के सदस्यों की अनुशंसा और विभिन्न विभागों से प्राप्त अनापत्ति के बाद वीर सावरकर की उपलब्धियों एवं राष्ट्रहित में उनके योगदान को देखते हुए सर्किल और मार्ग के नामकरण के प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

वीर सावरकर पर्यावरण सेवा समिति ने जताया आभार

वीर सावरकर पर्यावरण सेवा समिति के सदस्यों ने सर्किल एवं मार्ग का नाम वीर सावरकर के नाम पर किए जाने पर संभागीय आयुक्त, जिला कलेक्टर, जिला पुलिस अधीक्षक एवं स्थानीय निकाय विभाग का आभार जताया।

समिति के सदस्यों ने कहा कि यह निर्णय वीर सावरकर के योगदान के प्रति सम्मान का प्रतीक है और इससे आने वाली पीढ़ियों को उनके जीवन एवं राष्ट्रहित में किए गए कार्यों से परिचित होने का अवसर मिलेगा।

युवाओं को देशप्रेम की प्रेरणा मिलने की उम्मीद

वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य, समिति के संस्थापक सदस्य एवं पूर्व पार्षद उम्मेद सिंह राजपुरोहित, समिति सचिव मोहित राजपुरोहित, प्रवक्ता मनीष आचार्य, विजय सिंह पड़िहार सहित अन्य सदस्यों ने जिला प्रशासन का धन्यवाद किया।

उन्होंने कहा कि वीर सावरकर के नाम पर सर्किल और मार्ग का नामकरण होने से वर्तमान एवं आने वाली पीढ़ियों, विशेष रूप से युवा वर्ग को देशप्रेम और राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी। साथ ही वीर सावरकर के योगदान का लंबे समय तक स्मरण बना रहेगा।

Share: