5वीं-8वीं बोर्ड परीक्षा के आवेदन शुरू, 21 अक्टूबर तक मौका
बीकानेर। राजस्थान में कक्षा 5वीं और 8वीं की वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। शाला दर्पण पोर्टल पर गुरुवार से आवेदन लिए जा रहे हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 21 अक्टूबर 2026 रात 11:59 बजे निर्धारित की गई है।
इस बार 5वीं और 8वीं बोर्ड परीक्षा फरवरी 2027 में आयोजित किए जाने की तैयारी है। आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के पहले दिन दोनों कक्षाओं के कुल 3,303 आवेदन दर्ज किए गए।
27.18 लाख विद्यार्थी होंगे शामिल
परीक्षा में राजकीय, निजी और संस्कृत विद्यालयों के साथ मदरसों के विद्यार्थी भी शामिल होंगे। दोनों कक्षाओं में कुल 27.18 लाख विद्यार्थी पंजीकृत हैं। इनमें कक्षा 5वीं के करीब 13.84 लाख और कक्षा 8वीं के 13.34 लाख विद्यार्थी शामिल हैं।
फॉर्म लॉक करने से पहले रिकॉर्ड मिलान जरूरी
संस्था प्रधानों को आवेदन भरने के बाद विद्यार्थियों के रिकॉर्ड का सावधानीपूर्वक मिलान करने के निर्देश दिए गए हैं। रिकॉर्ड की जांच के बाद ही आवेदन फॉर्म लॉक करने को कहा गया है।
पोर्टल पर फाइनल सबमिशन के बाद आवेदन में किसी भी प्रकार का संशोधन नहीं किया जा सकेगा। इसलिए संस्था प्रधानों को आवेदन लॉक करने से पहले सभी विवरणों की अच्छी तरह जांच करने की सलाह दी गई है।
महत्वपूर्ण तारीख
- आवेदन शुरू: गुरुवार से
- अंतिम तिथि: 21 अक्टूबर 2026
- समय: रात 11:59 बजे तक
- परीक्षा: फरवरी 2027 में प्रस्तावित






