राजस्थान पंचायत चुनाव का शेड्यूल जारी, 4 चरणों में वोटिंग; 20 नवंबर को नतीजे
बीकानेर। राजस्थान में पंचायत चुनावों का कार्यक्रम घोषित हो गया है। राज्य निर्वाचन आयोग चार चरणों में चुनाव कराएगा। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए पहले चरण का मतदान 23 अक्टूबर, दूसरे चरण का 29 अक्टूबर, तीसरे चरण का 4 नवंबर और चौथे चरण का मतदान 14 नवंबर को होगा। इन चुनावों की मतगणना 20 नवंबर को होगी।
सरपंच चुनाव भी 4 चरणों में
सरपंच और वार्ड पंचों के चुनाव भी चार चरणों में कराए जाएंगे। पहले चरण में 25 अक्टूबर, दूसरे चरण में 31 अक्टूबर, तीसरे चरण में 6 नवंबर और चौथे चरण में 16 नवंबर को मतदान होगा। सरपंच और वार्ड पंच चुनाव की मतगणना मतदान के दिन ही होगी और देर रात तक परिणाम घोषित किए जाएंगे।
इन चार जिलों में दिसंबर में होंगे प्रमुख-प्रधान के चुनाव
कोटा, श्रीगंगानगर, बारां और करौली जिलों में जिला प्रमुख और प्रधानों के चुनाव दिसंबर में होंगे। हालांकि सभी 41 जिला परिषदों के सदस्यों और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव इसी चुनाव कार्यक्रम के तहत होंगे।
पहली बार एक साथ पंचायत चुनाव
राज्य सरकार की ओर से एक प्रदेश-एक चुनाव की तर्ज पर पंचायत चुनावों को एक साथ कराने की घोषणा की गई थी। इस बार प्रदेश की पंचायत राज संस्थाओं के चुनाव एक साथ कराए जा रहे हैं।
किस चुनाव में EVM और किसमें बैलेट?
- सरपंच और वार्ड पंच: बैलेट पेपर से चुनाव होंगे।
- पंचायत समिति सदस्य: EVM से मतदान होगा।
- जिला परिषद सदस्य: EVM से मतदान होगा।
महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण
पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव में महिलाओं के लिए 50 फीसदी आरक्षण का प्रावधान लागू रहेगा। चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में चुनावी प्रक्रिया तेज हो गई है।







