राजस्थान में पंचायती राज चुनाव की आरक्षण लॉटरी की नई तारीख तय, 23-24 सितंबर को होगा फैसला
जयपुर। राजस्थान में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में पंचायत चुनाव के लिए होने वाली आरक्षण लॉटरी की नई तारीख घोषित कर दी गई है। पहले यह लॉटरी 17 और 18 सितंबर को प्रस्तावित थी, लेकिन इसे स्थगित कर दिया गया था। अब नई व्यवस्था के अनुसार 23 और 24 सितंबर को आरक्षण लॉटरी निकाली जाएगी।
23 सितंबर को जिला स्तर पर होगी लॉटरी
नई तारीखों के अनुसार 23 सितंबर को जिला स्तर पर जिला कलेक्टर की ओर से आरक्षण लॉटरी निकाली जाएगी। इस दौरान जिला परिषद, पंचायत समिति के प्रधान और पंचायत समिति सदस्यों से संबंधित सीटों की आरक्षण लॉटरी की जाएगी।
24 सितंबर को सरपंच और वार्ड पंचों की लॉटरी
वहीं 24 सितंबर को उपखंड स्तर पर एसडीएम की ओर से आरक्षण लॉटरी निकाली जाएगी। इस दिन ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंचों के पदों के लिए आरक्षण तय किया जाएगा।
फर्जी तारीखों को लेकर पहले हुआ था भ्रम
17 और 18 सितंबर को प्रस्तावित आरक्षण लॉटरी स्थगित होने के बाद सोशल मीडिया पर कई फर्जी तारीखें वायरल हुई थीं। चुनाव आयोग की ओर से इन तारीखों का खंडन भी किया गया था। अब नई तारीखों को लेकर अधिकृत आदेश जारी होने के बाद स्थिति स्पष्ट हो गई है।
आरक्षण लॉटरी की तारीख तय होने के साथ ही पंचायती राज चुनाव का इंतजार कर रहे ग्रामीण क्षेत्रों के संभावित प्रत्याशियों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं की गतिविधियां भी तेज होने की उम्मीद है। राज्य सरकार को 15 नवंबर से पहले पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव करवाने हैं। ऐसे में अब आरक्षण प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनावी तैयारियों को गति मिलने की संभावना है।




