Rajasthan Weather Update: प्री-मानसून ने पकड़ी रफ्तार, 16 जिलों में बारिश; 27 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
जयपुर। राजस्थान में प्री-मानसून बारिश का दौर जारी है। शुक्रवार को प्रदेश के कई जिलों में बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के 27 जिलों में आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को श्रीगंगानगर, उदयपुर, अजमेर, कोटा सहित 16 जिलों में बारिश हुई। सबसे ज्यादा बारिश नागौर जिले के डेह क्षेत्र में दर्ज की गई, जहां करीब 60 मिलीमीटर (MM) पानी बरसा।
इसके अलावा चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़ और भीलवाड़ा में भी एक इंच से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण कई इलाकों में मौसम सुहावना हुआ और तापमान में गिरावट देखने को मिली।
इससे पहले प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम शुष्क रहा था और तेज धूप के कारण तापमान में बढ़ोतरी हुई थी। पश्चिमी राजस्थान के जिलों में तापमान 41 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
राज्य में सबसे ज्यादा गर्मी श्रीगंगानगर में रही, जहां अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक राजस्थान के उत्तर-पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां जारी रहने की संभावना जताई है। लोगों को आंधी के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।




