मंडावा घूमने आई रोमानिया की 30 वर्षीय पर्यटक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

09 Nov 2026 BIKANER
Advertisement
मंडावा घूमने आई रोमानिया की 30 वर्षीय पर्यटक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत | Aapni Awaj

मंडावा घूमने आई रोमानिया की 30 वर्षीय पर्यटक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, हार्टअटैक की आशंका

झुंझुनूं | Aapni Awaj

Advertisement

झुंझुनूं जिले के पर्यटन स्थल मंडावा घूमने आई रोमानिया की 30 वर्षीय महिला पर्यटक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान करीना इएकैप के रूप में हुई है। वह 30 सदस्यीय विदेशी पर्यटकों के दल के साथ 4 नवंबर को भारत आई थी। शनिवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने और सांस लेने में परेशानी के बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात विदेशी पर्यटकों का दल चूड़ी अजितगढ़ स्थित विवाना होटल में ठहरा था। शनिवार सुबह करीब 9 बजे करीना की तबीयत अचानक खराब हो गई। उसे सांस लेने में परेशानी होने लगी और वह बेसुध हो गई।

मुकुंदगढ़ से नवलगढ़ अस्पताल किया रेफर

करीना की हालत बिगड़ने पर दल के अन्य सदस्यों ने होटल स्टाफ की मदद से उसे तत्काल मुकुंदगढ़ के अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे नवलगढ़ के सरकारी अस्पताल रेफर कर दिया गया। नवलगढ़ अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल पहुंचने के समय महिला बेसुध थी।

प्रारंभिक तौर पर मौत की वजह हार्टअटैक होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस ने पर्यटक दल और होटल स्टाफ से की पूछताछ

नवलगढ़ डीएसपी सुगन सिंह के अनुसार, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पर्यटक दल के अन्य सदस्यों से पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही होटल स्टाफ से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस महिला की पूर्व स्वास्थ्य संबंधी स्थिति, यात्रा के दौरान उसकी गतिविधियों और होटल में रात के भोजन से जुड़ी जानकारी भी खंगाल रही है।

मेडिकल रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा मौत का कारण

फिलहाल महिला की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस के अनुसार, मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह सामने आ सकेगी। मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।

Aapni Awaj

राजस्थान और देश की ताजा खबरों के लिए Aapni Awaj के साथ जुड़े रहें।

Advertisement
Share: