घड़सीसर रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से पति-पत्नी समेत 3 की मौत, बचाने पहुंचे खेत मालिक की हालत गंभीर
बीकानेर | Aapni Awaj
बीकानेर में दीपावली के पर्व पर घड़सीसर रेलवे ट्रैक पर रविवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रेन की चपेट में आने से पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि उन्हें बचाने पहुंचे एक व्यक्ति को गंभीर चोटें आई हैं। घायल की पहचान रानीबाजार निवासी अमरचंद सांखला के रूप में हुई है। उनके सिर में गंभीर चोट आई है और उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे अमरचंद सांखला के घड़सीसर स्थित खेत के पास हुई। खेत में काम कर रहे बिहार निवासी पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद दोनों रेलवे ट्रैक की ओर चले गए। उन्हें बचाने के प्रयास में अमरचंद सांखला और दरभंगा, बिहार निवासी संजीत मोची भी ट्रैक पर पहुंच गए। इसी दौरान वहां से ट्रेन आ गई और चारों उसकी चपेट में आ गए।
पति-पत्नी और संजीत मोची की मौत
हादसे में पति-पत्नी और संजीत मोची की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, अमरचंद सांखला गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद ट्रेन मौके पर ही रुक गई। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
फिलहाल मृतक पति-पत्नी की पहचान की पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस उनके नाम और अन्य विवरणों की जानकारी जुटा रही है।
जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची
सूचना मिलने पर जीआरपी और स्थानीय पुलिस की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। वार्ड संख्या 30 के पार्षद अब्दुल सत्तार भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे से जुड़े साक्ष्य जुटाए और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।
मृतकों के शवों को असहाय सेवा संस्थान के अध्यक्ष राजकुमार खड़गावत और खादिम खिदमतगार के सोएब की मदद से मोर्चरी में रखवाया गया। घायल अमरचंद सांखला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
हादसे के कारणों की जांच जारी
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद घटनाक्रम किस तरह आगे बढ़ा और चारों लोग रेलवे ट्रैक तक किन परिस्थितियों में पहुंचे। हादसे के संबंध में जीआरपी और स्थानीय पुलिस की ओर से जांच की जा रही है।






