SI पेपर लीक की फरार आरोपी रेवंती की सड़क हादसे में मौत, 10 हजार का था इनाम

08 Aug 2026 BIKANER
Advertisement

श्रीडूंगरगढ़: एसआई पेपर लीक प्रकरण में एसओजी की सूची में फरार चल रही 10 हजार रुपये की इनामी आरोपी रेवंती की शुक्रवार अलसुबह हुए सड़क हादसे में मौत हो गई। रेवंती श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के गांव बेनिसर निवासी 25 वर्षीय युवती थी। हादसे में कार चालक अमन मान की भी मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है।

बारिश के पानी से अनियंत्रित हुई कार

प्राप्त जानकारी के अनुसार रेवंती दो युवकों के साथ जयपुर से अजमेर की ओर जा रही थी। शुक्रवार तड़के करीब 2:30 बजे हाईवे पर जमा बारिश के पानी के कारण कार अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि रेवंती और कार चालक श्रीमाधोपुर निवासी अमन मान की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सीकर निवासी नितेश को गंभीर चोटें आई हैं।

SI पेपर लीक मामले में फरार चल रही थी रेवंती

बताया जा रहा है कि रेवंती का नाम एसआई भर्ती पेपर लीक प्रकरण में सामने आया था। एसओजी की सूची में फरार चल रहे 18 आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इसी सूची में रेवंती का नाम भी शामिल था और वह मामले में फरार चल रही थी।

एसआई भर्ती परीक्षा पेपर लीक प्रकरण के बाद भर्ती को लेकर जांच और कार्रवाई के दौरान रेवंती को भी आरोपी माना गया था। एसओजी की ओर से उसकी गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित किया गया था।

राजनेता को हनीट्रैप में फंसाने का मामला भी आया था सामने

रेवंती के खिलाफ पूर्व में क्षेत्र के एक राजनेता को कथित तौर पर हनीट्रैप में फंसाने से जुड़ा मामला भी दर्ज होने की जानकारी सामने आई थी। बाद में मामला निपटने के बाद उसका एसआई भर्ती में चयन भी हुआ था। हालांकि बाद में एसआई भर्ती निरस्त कर दी गई और पेपर लीक मामले की जांच में एसओजी ने रेवंती को भी आरोपी माना।

हादसे में दो की मौत, एक गंभीर घायल

शुक्रवार अलसुबह हुए हादसे में रेवंती और अमन मान की मौत हो गई, जबकि नितेश गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंची टीम ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Share: