हाइवे पर ट्रक चालक से फिल्मी अंदाज में लूट! तीन ट्रेलर चालकों ने रोककर रॉड से पीटा, ₹30,600 लेकर फरार
श्रीडूंगरगढ़. श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र में हाइवे पर एक ट्रक चालक के साथ मारपीट और लूट की वारदात सामने आई है। आरोप है कि तीन ट्रेलरों के चालकों ने वाहन रुकवाकर चालक के साथ बेरहमी से मारपीट की और ट्रक में रखे 30,600 रुपये लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार बिग्गाबास निवासी दिलीपसिंह पुत्र इंद्रसिंह राणा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह बिग्गाबास रामसरा निवासी ओमप्रकाश जाखड़ के ट्रेलर पर चालक के रूप में कार्य करता है। 12 जुलाई की सुबह वह बीकानेर से सिलिका सैंड लेकर रवाना हुआ था। लखासर टोल प्लाजा पर एक अन्य ट्रेलर चालक उससे बेवजह गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर वह वहां से चला गया।
परिवादी ने बताया कि लखासर टोल और बेनीसर के बीच आरोपी ने अपना ट्रेलर रोक लिया, जहां पहले से दो अन्य वाहन भी खड़े थे। तीनों वाहनों के चालकों ने उसका ट्रेलर रुकवाया और जबरन उसके वाहन में घुस गए। आरोपियों ने उसे धक्का देकर नीचे गिराया तथा लोहे की रॉड, लात-घूंसों से मारपीट कर ट्रक में रखे 30,600 रुपये निकाल लिए।
शोर-शराबा होने पर हाइवे से गुजर रहे अन्य वाहन चालक मौके पर रुकने लगे, जिसे देखकर आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल चालक को बिग्गा निवासी एक युवक ने अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार कराया गया।
परिवादी ने पुलिस को कुछ संदिग्ध वाहनों के नंबर भी उपलब्ध कराए हैं। श्रीडूंगरगढ़ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।




