अचानक गायब हुई विवाहिता, साथ में 6 साल की मासूम भी… परिवार में मचा हड़कंप

04 Jul 2026 BIKANER
Advertisement

घर में पसरा सन्नाटा... 6 साल की बेटी संग रहस्यमय तरीके से लापता हुई विवाहिता

श्रीडूंगरगढ़: बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र के आड़सर बास इलाके से एक विवाहिता अपनी छह वर्षीय बेटी के साथ रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई। घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया है। काफी तलाश के बावजूद दोनों का कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस में गुमशुदगी दर्ज करवाई गई है।

घर पहुंची सास तो नहीं मिली बहू और पोती

पुलिस को दी गई रिपोर्ट में आड़सर बास निवासी संतोष देवी ने बताया कि उनका बेटा अपनी पत्नी और बच्चों के साथ अलग मकान में रहता है। 2 जुलाई की दोपहर करीब 4 बजे जब वह बेटे के घर पहुंची तो बहू और छह वर्षीय पोती घर पर नहीं मिलीं।

रिश्तेदारों और पीहर में भी नहीं मिला कोई सुराग

परिजनों ने आसपास के लोगों, रिश्तेदारों और विवाहिता के पीहर में भी जानकारी जुटाई, लेकिन मां-बेटी के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद परिवार ने श्रीडूंगरगढ़ थाने पहुंचकर पुलिस से दोनों की तलाश करने की गुहार लगाई।

पुलिस ने शुरू की जांच

श्रीडूंगरगढ़ थाना पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच एएसआई आवड़दान को सौंपी है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और मां-बेटी की तलाश जारी है।

Share: