पिकअप से मोबाइल चुराया, फिर बैंक खाते पर भी कर दिया हाथ साफ, जानिए कैसे उड़ाए हजारों रुपये

30 Jul 2026 BIKANER
Advertisement

श्रीडूंगरगढ़। श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र में चोरी और साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। अज्ञात बदमाश पहले पिकअप से मोबाइल और नकदी चोरी कर ले गए, इसके बाद उसी मोबाइल का इस्तेमाल कर पीड़ित के बैंक खाते से ऑनलाइन 11 हजार रुपये भी निकाल लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पिकअप से मोबाइल और नकदी हुई चोरी

पुलिस के अनुसार आड़सर पुरोहितान निवासी हड़मानाराम पुत्र मामराज जाट ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 23 जुलाई की रात करीब 10 बजे उन्होंने अपनी पिकअप (RJ-49-GA-5316) आड़सर स्टैंड पर खड़ी की और दुकान पर चले गए। इसी दौरान अज्ञात चोर पिकअप में रखा 15 हजार रुपये नकद, जो मोबाइल कवर में रखे थे, तथा टेक्नो स्पार्क कंपनी का मोबाइल फोन चोरी कर ले गए।

मोबाइल चोरी के बाद खाते से उड़ाए 11 हजार रुपये

पीड़ित ने बताया कि 24 जुलाई को मोबाइल गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। बाद में जब वह एसबीआई मोमासर शाखा में बैंक खाते का स्टेटमेंट निकलवाने पहुंचा तो पता चला कि उसके खाते से फोन-पे (PhonePe) के माध्यम से 11 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर लिए गए हैं।

पुलिस ने शुरू की जांच

पीड़ित की रिपोर्ट पर श्रीडूंगरगढ़ थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल झूमरराम को सौंपी गई है। पुलिस मोबाइल चोरी और साइबर ठगी दोनों पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

Share: