श्रीडूंगरगढ़ में नशे पर पुलिस का शिकंजा, डोडा पोस्त के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
श्रीडूंगरगढ़। क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। सेरूणा थाना पुलिस ने रविवार रात दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए डोडा पोस्त के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
झंझेऊ की रोही से 9 किलो 100 ग्राम डोडा पोस्त बरामद
सेरूणा थानाधिकारी संध्या बिश्नोई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पूनरासर रोड पर झंझेऊ की रोही में कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने 9 किलो 100 ग्राम अवैध डोडा पोस्त के साथ झंझेऊ निवासी ओमसिंह राजपूत (38) को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देश पर नापासर थानाधिकारी सुष्मा को सौंपी गई है।
होटल पर दबिश, संचालक के पास मिला डोडा पोस्त
वहीं दूसरी कार्रवाई सेरूणा पुलिस ने नेशनल हाईवे-11 स्थित एक होटल पर की। पुलिस ने जांच के दौरान शर्मा होटल से संचालक श्रवण कुमार ब्राह्मण निवासी मूंजासर को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से 642 ग्राम अवैध डोडा पोस्त चूरा बरामद किया गया। इसके अलावा डोडा पोस्त बिक्री की राशि 1570 रुपये भी मिली।
दोनों मामलों में अलग-अलग जांच अधिकारी नियुक्त
दूसरे मामले की जांच पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर श्रीडूंगरगढ़ थाना के सब इंस्पेक्टर पवन कुमार शर्मा को सौंपी गई है।
पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।




