श्रीडूंगरगढ़ के तोलियासर में पारिवारिक विवाद के बाद मारपीट, दोनों पक्षों ने दर्ज करवाए मुकदमे
बीकानेर। जिले के श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र के तोलियासर गांव में पारिवारिक विवाद के बाद मारपीट के आरोपों को लेकर दोनों पक्षों की ओर से परस्पर मुकदमे दर्ज करवाए गए हैं। एक पक्ष ने बेटी और नातिन को लेने जाने के दौरान मारपीट करने का आरोप लगाया है, जबकि दूसरे पक्ष ने घर में आकर उसकी मां के साथ मारपीट करने की शिकायत दी है। पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले पक्ष ने दामाद और उसके परिजनों पर लगाए आरोप
पुलिस के अनुसार, कालूबास निवासी पन्नालाल पुत्र आसुराम ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 21 अक्टूबर को उसकी नातिन निलम को उसके पिता दिनेश स्कूल से अपने साथ तोलियासर गांव ले गया था। इसकी जानकारी मिलने पर पन्नालाल अपनी बेटी ममता के साथ निलम को वापस लाने के लिए तोलियासर पहुंचे।
परिवादी का आरोप है कि वहां दिनेश कुमार, उसके भाई भैरूराम और विमला ने ममता के साथ मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने निलम को वापस नहीं ले जाने देने की बात कही और धमकी भी दी। पुलिस ने पन्नालाल की रिपोर्ट पर दिनेश, भैरूराम और विमला के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
दूसरे पक्ष ने सास और ससुर के खिलाफ दी शिकायत
वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से तोलियासर निवासी दिनेश पुत्र ओमप्रकाश ने भी मुकदमा दर्ज करवाया है। दिनेश के अनुसार, उसकी पत्नी ममता पिछले 20-25 दिनों से अपने पीहर में रह रही थी, जबकि उसकी बेटी निलम उसके पास आ गई थी।
दिनेश का आरोप है कि बाद में ममता और उसके पिता पन्नालाल उसके घर आए और उसकी मां के साथ मारपीट कर चोटें पहुंचाईं। परिवादी के अनुसार, इस दौरान निलम को अपने साथ ले जाने की बात भी कही गई। पुलिस ने दिनेश की रिपोर्ट पर पन्नालाल और ममता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
सब इंस्पेक्टर सुभाष कुमार कर रहे हैं जांच
दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर श्रीडूंगरगढ़ पुलिस ने परस्पर मुकदमे दर्ज किए हैं। दोनों मामलों की जांच सब इंस्पेक्टर सुभाष कुमार को सौंपी गई है। पुलिस मामले के तथ्यों और दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।
Aapni Awaj | Bikaner News






