यमुना एक्सप्रेस-वे पर स्लीपर बस में भीषण आग, 9 यात्रियों की मौत; 35 थे सवार
नोएडा। यमुना एक्सप्रेस-वे पर जेवर के पास बुधवार रात दिल्ली से महोबा जा रही एक निजी स्लीपर बस में भीषण आग लग गई। हादसे में 9 यात्रियों की मौत हो गई। मृतकों में 8 पुरुष और एक महिला शामिल हैं। बस में करीब 35 यात्री सवार बताए जा रहे हैं।
जेवर एयरपोर्ट के पास लगी आग
हादसा रात करीब 11:30 बजे जेवर एयरपोर्ट के पास हुआ। आग लगते ही बस में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री खिड़कियां तोड़कर बाहर निकले और अपनी जान बचाई। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
सो रहे थे कई यात्री, धुआं भरने से मची चीख-पुकार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय कई यात्री बस में सो रहे थे। यात्री पिंकी राजपूत ने बताया कि नींद खुलने पर बस में चीख-पुकार मची हुई थी और धुआं भर चुका था। उन्होंने किसी तरह बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
शव बुरी तरह झुलसे, पहचान की प्रक्रिया जारी
आग इतनी भीषण थी कि बस का बड़ा हिस्सा पूरी तरह जल गया। मृतकों के शव भी बुरी तरह झुलस गए हैं। इसके चलते मृतकों की पहचान में परेशानी आ रही है। पुलिस परिजनों से संपर्क करने के साथ अन्य माध्यमों से भी मृतकों की पहचान कराने में जुटी है।
ड्राइवर-कंडक्टर हिरासत में, यात्रियों के आरोपों की जांच
पुलिस ने बस के चालक और कंडक्टर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एक यात्री की शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बस में जलने की गंध आने के बाद यात्रियों ने चालक से बस रोकने के लिए कहा था, लेकिन बस तुरंत नहीं रोकी गई। पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है।
बस के दस्तावेजों की भी जांच
पुलिस बस के परमिट, फिटनेस, बीमा, चालक के लाइसेंस और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है। आग किस वजह से लगी, इसका वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस और संबंधित जांच एजेंसियां हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी हैं।






