बीकानेर में 21 जून को बड़ा ऐलान! रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव करेंगे नई ट्रेन का लोकार्पण
बीकानेर: इलेक्ट्रॉनिक्स, सूचना प्रौद्योगिकी एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव 21 जून को बीकानेर दौरे पर आएंगे। इस दौरान वे बीकानेर से साबरमती के लिए शुरू होने वाली नई ट्रेन का लोकार्पण करेंगे।
रेलवे सूत्रों के अनुसार रेल मंत्री के आने की पुष्टि हो चुकी है, हालांकि ट्रेन लोकार्पण का आधिकारिक समय अभी जारी नहीं हुआ है। उनके साथ केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल भी मौजूद रहेंगे।
साबरमती एक्सप्रेस को दिखाएंगे हरी झंडी
रेल मंत्री वैष्णव बीकानेर-साबरमती नई ट्रेन के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होंगे। नई ट्रेन शुरू होने से राजस्थान और गुजरात के यात्रियों को सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में भी होंगे शामिल
21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बीकानेर में आयोजित मुख्य समारोह में रेल मंत्री योग भी करेंगे। यह कार्यक्रम करणी सिंह स्टेडियम में आयोजित होने की संभावना है।
डूंगर कॉलेज में नाइलिट सेंटर का कर सकते हैं दौरा
दौरे के दौरान अश्विनी वैष्णव डूंगर कॉलेज में भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा संचालित नाइलिट सेंटर का निरीक्षण भी कर सकते हैं।
सांखला फाटक अंडरपास के उद्घाटन की चर्चा
रेल मंत्री के दौरे के साथ ही शहर की लंबे समय से लंबित समस्या कोटगेट-सांखला फाटक अंडरपास (RUB) के उद्घाटन की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। हालांकि अभी तक इसका आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं हुआ है।
इससे पहले अश्विनी वैष्णव 22 मई 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पलाना कार्यक्रम में शामिल होने बीकानेर आए थे।




