महाजन सहित 11 ग्राम पंचायतों में मतदान आज, प्रत्याशियों में उत्साह; सुरक्षा के कड़े इंतजाम
बीकानेर | Aapni Awaj
पंचायती राज चुनाव के तीसरे चरण के तहत सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए मतदान गुरुवार को होगा। चुनाव को लेकर निर्वाचन विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर दी गई हैं। वहीं शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव संपन्न करवाने के लिए पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
जानकारी के अनुसार, महाजन सहित क्षेत्र की 11 ग्राम पंचायतों में सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए मतदान होगा। चुनाव को लेकर प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में खासा उत्साह बना हुआ है।
प्रचार थमा, अब मतदाताओं की बारी
पिछले कई दिनों से चल रहा चुनाव प्रचार बुधवार शाम को थम गया। अब मतदाताओं की बारी है। मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर गांव की नई सरकार चुनेंगे।
निर्वाचन अधिकारियों ने मतदाताओं से निर्भय होकर मतदान करने तथा लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने की अपील की है।
पुलिस ने संभाली सुरक्षा व्यवस्था
महाजन सहित क्षेत्र की 11 ग्राम पंचायतों में मतदान को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। थानाधिकारी भजनलाल लावा के नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। थानाधिकारी स्वयं क्षेत्र की निगरानी कर रहे हैं।
संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखी जा रही है तथा पुलिस जवानों की ओर से लगातार गश्त की जा रही है, ताकि मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।
मतदान केंद्र के 200 मीटर दायरे में प्रतिबंध
महाजन कस्बे के मुख्य बाजार में मतदान केंद्र होने के कारण प्रशासन ने बूथों के 200 मीटर के दायरे में विशेष पाबंदियां लागू की हैं। इस क्षेत्र में आने वाले प्रतिष्ठानों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं सरपंच पद के चुनाव को लेकर निर्धारित 200 मीटर की परिधि में अनधिकृत प्रवेश पर भी रोक रहेगी। प्रशासन ने नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्था की है।






