सरकारी शिविर में अफसरों की गैरहाजिरी! ग्रामीण पानी-बिजली की समस्या लेकर पहुंचे, नहीं मिला समाधान
बज्जू: राज्य सरकार के जन कल्याणकारी शिविर 2026 के तहत ग्राम पंचायत बांगड़सर में आयोजित शिविर में विद्युत विभाग और जलदाय विभाग के कर्मचारियों के नहीं पहुंचने से ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिली।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की ढाणियों में लंबे समय से पेयजल और बिजली से जुड़ी समस्याएं बनी हुई हैं, लेकिन संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी शिविर में मौजूद नहीं रहे।
शिकायत लेकर पहुंचे ग्रामीण नहीं करा सके समाधान
डायरेक्टर मोहम्मद खान ने बताया कि गांव की ढाणियों में पेयजल आपूर्ति और विद्युत व्यवस्था को लेकर गंभीर समस्याएं हैं। शिविर में संबंधित विभागों के कर्मचारी मौजूद नहीं होने से ग्रामीण अपनी शिकायतें दर्ज नहीं करा सके और समस्याओं का समाधान भी नहीं हो पाया।
विद्यालय में लगाया गया शिविर
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शिविर ग्राम पंचायत भवन के बजाय सरकारी विद्यालय में आयोजित किया गया। उनका कहना है कि ग्राम पंचायत भवन में पानी और बिजली की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण शिविर को विद्यालय में स्थानांतरित करना पड़ा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि आगामी शिविरों में सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान हो सके।




