नोखा बाजार में दीपावली पर व्यवस्थाएं नहीं सुधरीं, नेता प्रतिपक्ष ने एसडीएम को सौंपा स्मरण पत्र

05 Nov 2026 BIKANER
Advertisement
नोखा बाजार में दीपावली पर व्यवस्थाएं नहीं सुधरीं, नेता प्रतिपक्ष ने एसडीएम को सौंपा स्मरण पत्र | Aapni Awaj

नोखा बाजार में दीपावली पर व्यवस्थाएं नहीं सुधरीं, नेता प्रतिपक्ष ने एसडीएम को सौंपा स्मरण पत्र

नोखा | Aapni Awaj

Advertisement

दीपावली के त्योहार को देखते हुए नोखा उपखंड मुख्यालय पर बुधवार को पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक में आमजन की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए थे। गुरुवार को बाजार में आवश्यक व्यवस्थाएं नहीं होने पर नगरपालिका नेता प्रतिपक्ष महेश झंवर ने उपखंड अधिकारी को स्मरण पत्र सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की। इस दौरान मंडल अध्यक्ष गंगाराम पारीक और पार्षद गणपत राम गोदारा भी मौजूद रहे।

बेरिकेडिंग और आवारा पशुओं को हटाने की मांग

महेश झंवर ने बताया कि 4 नवंबर को ज्ञापन देने के बावजूद बाजार के प्रमुख प्रवेश स्थलों पर बेरिकेडिंग नहीं लगाई गई और आवारा पशुओं को भी नहीं हटाया गया। दीपावली की खरीदारी के लिए बढ़ती भीड़ के बीच वाहनों का अनियंत्रित प्रवेश और आवारा पशुओं की मौजूदगी महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों सहित अन्य नागरिकों की सुरक्षा के लिए खतरा बनी हुई है।

गुरुवार दोपहर तक बाजारों में अतिक्रमण, आवारा पशुओं और जगह-जगह खड़े वाहनों के कारण आमजन के साथ व्यापारी भी परेशान नजर आए।

बाजार के बाहर अस्थायी पार्किंग की मांग

स्मरण पत्र में बाजार के प्रवेश स्थलों पर तत्काल बेरिकेडिंग लगाने, निर्धारित समय में चारपहिया वाहनों का प्रवेश नियंत्रित करने और आवारा पशुओं को सुरक्षित आश्रय स्थल पहुंचाने की मांग की गई।

इसके साथ ही बाजार के बाहर अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था करने, पर्याप्त पुलिस और नगरपालिका कर्मचारियों की तैनाती तथा एम्बुलेंस और अग्निशमन वाहनों के लिए रास्ते खुले रखने का आग्रह किया गया।

एसडीएम ने नगरपालिका अधिकारियों को दिए निर्देश

जानकारी के अनुसार, उपखंड अधिकारी ने मामले का संज्ञान लेते हुए नगरपालिका अध्यक्ष से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनका फोन आउट ऑफ रेंज बताया गया। इसके बाद अधिशासी अधिकारी भवानी सिंह चारण से संपर्क कर तत्काल आवश्यक व्यवस्थाएं करने और निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने को कहा गया।

इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी भवानी सिंह चारण, तहसीलदार सुनीता चारण और नोखा पंचायत समिति के विकास अधिकारी जसवंत बिश्नोई भी उपस्थित रहे।

Aapni Awaj

राजस्थान की ताजा खबरों और स्थानीय समाचारों के लिए Aapni Awaj के साथ जुड़े रहें।

Advertisement
Share: