कैंपर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने वाला निकला तार चोर, पुलिस जांच में खुला राज; दो आरोपी गिरफ्तार

08 Jun 2026 BIKANER
Advertisement

कैंपर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने वाला निकला तार चोर, पुलिस जांच में खुला राज; दो आरोपी गिरफ्तार

बज्जू। बज्जू क्षेत्र में विद्युत तार चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह है कि गिरफ्तार आरोपियों में शामिल नेपाल सिंह वही व्यक्ति निकला, जिसने एक दिन पहले अपनी कैंपर गाड़ी चोरी होने की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज करवाई थी।

जानकारी के अनुसार विद्युत विभाग ने कोलासर क्षेत्र में विद्युत तार चोरी होने का मामला दर्ज करवाया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस को कुछ संदिग्ध परिस्थितियां नजर आईं। इसी दौरान पुलिस ने कैंपर चोरी की रिपोर्ट करवाने वाले नेपाल सिंह से पूछताछ की तो पूरे मामले का खुलासा हो गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि नेपाल सिंह पुत्र उत्तम सिंह राजपूत निवासी पीठरो की ढाणी, थाना बाप (फलोदी) अपने साथी आयूब पुत्र मांगीलाल विश्नोई निवासी जैसला, थाना भोजासर (फलोदी) के साथ कोलासर क्षेत्र में विद्युत तार चोरी करने आया था। इसी दौरान वहां अन्य लोग पहुंच गए तो दोनों आरोपी अपनी कैंपर गाड़ी मौके पर छोड़कर फरार हो गए।

बाद में संदेह से बचने के लिए नेपाल सिंह ने अपनी ही छोड़ी हुई कैंपर गाड़ी की चोरी का मुकदमा बज्जू थाने में दर्ज करवा दिया। हालांकि पुलिस की जांच में मामला संदिग्ध लगने पर गहन पूछताछ की गई, जिसमें तार चोरी की वारदात का खुलासा हो गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ विद्युत अधिनियम की धारा 136 के तहत कार्रवाई की। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि विद्युत तार चोरी और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Share: