श्रीकोलायत में दर्दनाक हादसा: ट्रैक्टर पलटने से बिजली ठेकेदार के कर्मी की मौत, एक युवक घायल

10 Jun 2026 BIKANER
Advertisement

श्रीकोलायत में दर्दनाक हादसा: ट्रैक्टर पलटने से बिजली ठेकेदार के कर्मी की मौत, एक युवक घायल

श्रीकोलायत। राष्ट्रीय राजमार्ग-11 पर लक्ष्मण झूला क्षेत्र के पास बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में बिजली ठेकेदार के कार्य में लगे एक कर्मी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर गुड़ा फांटा के निकट लक्ष्मण झूला क्षेत्र से होकर गुजर रहा था। इसी दौरान अचानक सड़क पर एक पशु आ जाने से चालक को जोरदार ब्रेक लगाने पड़े। अचानक लगाए गए ब्रेक के कारण ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और पलट गया।

एक युवक की मौके पर मौत

हादसा इतना भीषण था कि ट्रैक्टर में सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरा युवक घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और घायल को उपचार के लिए श्रीकोलायत ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया।

चिकित्सकों ने घायल युवक का प्राथमिक उपचार किया, जिसके बाद उसकी हालत सामान्य होने पर छुट्टी दे दी गई।

मृतक बिजली ठेकेदार के कार्य में था तैनात

श्रीकोलायत थाना क्षेत्र के एएसआई लखपत सिंह ने बताया कि मृतक बिजली ठेकेदार के कार्य में लगा हुआ था। हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर श्रीकोलायत मोर्चरी कक्ष में रखवाया।

पुलिस के अनुसार मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों के पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाकर उन्हें सुपुर्द किया जाएगा।

Share: