बीकानेर/कोलायत। कोलायत विधानसभा क्षेत्र के बज्जू कस्बे को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। राजस्थान सरकार के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने बज्जू उप जिला चिकित्सालय के नवीन भवन निर्माण के लिए ₹28.54 करोड़ की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की है।
यह स्वीकृति वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 की बजट घोषणाओं की अनुपालना में जारी की गई है। विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने इसके लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर का आभार व्यक्त किया है।
आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का मिलेगा लाभ
विधायक भाटी ने कहा कि नए भवन के निर्माण से बज्जू एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही चिकित्सा अधोसंरचना मजबूत होने से मरीजों को बेहतर उपचार मिल सकेगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, बिजली और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है, जिससे कोलायत विधानसभा क्षेत्र विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।



