बाड़मेर मेडिकल कॉलेज में रैगिंग का मामला: 80 सीनियर स्टूडेंट्स पर कार्रवाई, 13 हॉस्टल से निकाले
बाड़मेर मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस फर्स्ट ईयर के स्टूडेंट्स से रैगिंग की शिकायत सामने आई है। आरोप है कि जूनियर स्टूडेंट्स के बाल काटे गए, उनसे इंट्रोडक्शन मांगा गया और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक कंटेंट शेयर किया गया। वॉट्सऐप चैट में गालियां लिखने की बात भी सामने आई है।
एंटी रैगिंग कमेटी की जांच के बाद 30 अक्टूबर को 15 छात्राओं समेत 80 सीनियर स्टूडेंट्स के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनमें से 13 स्टूडेंट्स को हॉस्टल से निकाल दिया गया, जबकि अन्य के खिलाफ क्लास और कल्चरल एक्टिविटी से प्रतिबंध सहित अलग-अलग कार्रवाई की गई। नेशनल हेल्थ कमीशन की ओर से रिपोर्ट मांगे जाने पर कॉलेज प्रशासन ने 29 अक्टूबर को जांच रिपोर्ट सौंप दी।
‘व्हाइट हाउस’ में जूनियर्स के बाल काटने का आरोप
शिकायत के अनुसार, कॉलेज में सफेद रंग के कमरे को ‘व्हाइट हाउस’ कहा जाता है। आरोप है कि वहां जूनियर स्टूडेंट्स के बाल काटे गए। इसके अलावा उनसे इंट्रोडक्शन मांगने और सोशल मीडिया पर अश्लील कंटेंट शेयर करने की बात भी जांच में सामने आई।
प्रिंसिपल बोले- जूनियर्स से मारपीट नहीं हुई
कॉलेज प्रिंसिपल अनूप सिंह गुर्जर ने बताया कि कॉलेज प्रशासन ने संबंधित स्टूडेंट्स के मोबाइल जब्त कर चैट और वीडियो की जांच की। वॉट्सऐप चैट में सीनियर स्टूडेंट्स जूनियर्स से इंट्रोडक्शन मांग रहे थे। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक कंटेंट डाला गया था और गालियां भी लिखी हुई थीं।
प्रिंसिपल के मुताबिक, जूनियर स्टूडेंट्स के साथ मारपीट नहीं हुई।
कमेटी ने जूनियर और सीनियर स्टूडेंट्स से की पूछताछ
मेडिकल कॉलेज प्रशासन को रैगिंग की शिकायत मिलने के बाद एंटी रैगिंग कमेटी ने मामले की जांच शुरू की। कमेटी ने शिकायतों के हर पहलू की पड़ताल की और जूनियर स्टूडेंट्स से बातचीत की।
जांच के दौरान जूनियर और सीनियर स्टूडेंट्स के मोबाइल जब्त कर उनकी वॉट्सऐप चैट और अन्य सामग्री की जांच की गई। कॉलेज प्रशासन के अनुसार, मोबाइल में आपत्तिजनक और अश्लील चैट भी मिली।
जांच रिपोर्ट के बाद 80 स्टूडेंट्स पर कार्रवाई
एंटी रैगिंग कमेटी की जांच के बाद कॉलेज प्रशासन ने 15 छात्राओं सहित कुल 80 सीनियर स्टूडेंट्स के खिलाफ कार्रवाई की। 13 स्टूडेंट्स को हॉस्टल से निष्कासित किया गया, जबकि अन्य पर क्लास और सांस्कृतिक गतिविधियों में शामिल होने पर प्रतिबंध सहित अलग-अलग कार्रवाई की गई।






