बज्जू। बीकानेर जिले के बज्जू थाना क्षेत्र के सेवड़ा गांव में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। घटना के बाद पीड़ित परिवार में दहशत का माहौल है, वहीं ग्रामीणों में भी आक्रोश है।
जानकारी के अनुसार सेवड़ा गांव निवासी रामलाल पुरोहित के घर में बीती रात अज्ञात चोर पीछे के रास्ते से घुसे। घटना के समय परिवार के सदस्य घर के बाहर सो रहे थे। चोरों ने बड़ी सावधानी से मुख्य गेट को अंदर से कपड़े से बांध दिया, ताकि घर के लोगों को भनक न लगे।
इसके बाद चोर घर के अंदर बने कमरे में पहुंचे और अलमारी का ताला खोलकर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि चोर करीब 6 तोला सोना, आधा किलो चांदी और 80 हजार रुपये से अधिक की नकदी लेकर भाग गए।
सुबह जब परिजन जागे और घर के अंदर गए तो सामान बिखरा हुआ मिला। अलमारी खुली थी और उसमें रखे गहने व पैसे गायब थे। चोरी की जानकारी मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया।
परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर बज्जू पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और अज्ञात चोरों की तलाश में जुट गई है।




