खेलने निकला 10 साल का मासूम… सुबह जोहड़ में मिली लाश, गांव में पसरा मातम

03 Jul 2026 BIKANER
Advertisement

खेलने निकला 10 साल का मासूम, सुबह जोहड़ में मिला शव

बीकानेर: जिले के महाजन थाना क्षेत्र के जैतपुर गांव से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां 10 वर्षीय बालक की कच्चे जोहड़ में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।

शाम को खेलने निकला, रातभर नहीं लौटा

जानकारी के अनुसार जैतपुर निवासी सूर्य पुत्र ओमप्रकाश नायक बुधवार को स्कूल से घर लौटने के बाद शाम को खेलने के लिए निकला था। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने रिश्तेदारों और ग्रामीणों की मदद से उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

जोहड़ किनारे मिली चप्पल, फिर मिला शव

गुरुवार सुबह गांव के पास बने कच्चे जोहड़ के किनारे सूर्य की चप्पलें पड़ी मिलीं। इसके बाद ग्रामीणों ने तैराकों की मदद से जोहड़ में तलाश शुरू की, जहां कुछ देर बाद बालक का शव बरामद हुआ।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

परिजन बालक को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर महाजन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाकर आगे की कार्रवाई शुरू की।

गांव में पसरा मातम

5वीं कक्षा में पढ़ने वाले मासूम सूर्य की असमय मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे जैतपुर गांव में शोक का माहौल है और ग्रामीणों ने भी इस हृदयविदारक हादसे पर गहरा दुख जताया है।

Share: