खुशखबरी: बीकानेर में 16.95 करोड़ के 14 विकास कार्यों को मंजूरी, जगजीत सिंह म्यूजियम पर खर्च होंगे 5 करोड़

23 Oct 2026 BIKANER
Advertisement

खुशखबरी: बीकानेर में 16.95 करोड़ के 14 विकास कार्यों को मंजूरी, जगजीत सिंह म्यूजियम पर खर्च होंगे 5 करोड़

बीकानेर। शहर के खेल ढांचे, सांस्कृतिक धरोहर, पर्यटन और नागरिक सुविधाओं को विस्तार मिलने जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत जिले में कुल 16 करोड़ 95 लाख रुपये के 14 विकास कार्यों को प्रशासनिक एवं तकनीकी मंजूरी दी गई है। इन कार्यों में गजल सम्राट जगजीत सिंह की स्मृति में मेमोरियल म्यूजियम का निर्माण, डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में खेल सुविधाओं का विस्तार और पर्यटन स्थलों के विकास सहित कई परियोजनाएं शामिल हैं।

Advertisement

इन कार्यों के लिए 8.75 करोड़ रुपये योजना मद से और 8.20 करोड़ रुपये कन्वर्जेंस के माध्यम से बीकानेर विकास प्राधिकरण (बीडीए), सीएसआर और अन्य मदों से जुटाए जाएंगे। कुल बजट में से 14.05 करोड़ रुपये से अधिक राशि बीकानेर शहरी क्षेत्र के विकास पर खर्च होगी। अधिकांश कार्यों की जिम्मेदारी बीडीए को सौंपी गई है।

जगजीत सिंह मेमोरियल म्यूजियम सबसे बड़ी परियोजना

शहर की प्रमुख परियोजनाओं में गजल सम्राट जगजीत सिंह की स्मृति में बनने वाला मेमोरियल म्यूजियम शामिल है। इसके निर्माण पर 5 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस परियोजना का निर्माण बीकानेर विकास प्राधिकरण की ओर से किया जाएगा।

डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में बढ़ेंगी खेल सुविधाएं

खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में कई विकास कार्य कराए जाएंगे। इनमें 1.50 करोड़ रुपये की लागत से सिंथेटिक ट्रैक, 1 करोड़ रुपये से दो लॉन टेनिस ग्राउंड तथा 80 लाख रुपये की लागत से तीरंदाजी खेल मैदान, उपकरण और अन्य निर्माण कार्य शामिल हैं।

पर्यटन विकास पर भी रहेगा जोर

बीकानेर आने वाले पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए जूनागढ़ परकोटे के बाहर सड़क और लाइटिंग कार्यों पर 1 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं, हाईवे पर साइनेज, होर्डिंग और पर्यटक सहायता केंद्र (टीएएफ बूथ गुमटी) के लिए 50 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं।

इसके अलावा सर्किट हाउस में नए कमरों के निर्माण पर 1.50 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इन कार्यों का उद्देश्य शहर में पर्यटन सुविधाओं को बेहतर बनाना और आगंतुकों को बेहतर अनुभव उपलब्ध करवाना है।

पर्यावरण, चिकित्सा और सामाजिक सुविधाओं से जुड़े कार्य

योजना में पर्यावरण संरक्षण, चिकित्सा शिक्षा, दिव्यांग पुनर्वास और सीवरेज व्यवस्था से जुड़े कार्यों को भी शामिल किया गया है। प्रमुख परियोजनाएं इस प्रकार हैं:

  • जोहड़बीड़ गिद्ध संरक्षण एवं इको-टूरिज्म: 65 लाख रुपये।
  • एसपी मेडिकल कॉलेज ऑडिटोरियम में विद्युतीकरण: 1 करोड़ रुपये।
  • पवनपुरी स्थित बौद्धिक दिव्यांग पुनर्वास गृह सेवा आश्रम का नवीनीकरण: 75 लाख रुपये।
  • पीजी हॉस्टल सीवरेज को आरयूआईडीपी की मुख्य लाइन से जोड़ना: 35 लाख रुपये।

ग्रामीण विकास विभाग ने दी मंजूरी

ग्रामीण विकास विभाग ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजना के अंतर्गत इन विकास कार्यों को प्रशासनिक एवं तकनीकी मंजूरी दी है। स्वीकृत परियोजनाओं के क्रियान्वयन से बीकानेर में खेल, पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सुविधाओं के विकास को गति मिलने की उम्मीद है।

Aapni Awaj | बीकानेर

Advertisement
Share: