बीकानेर में 17 साल के किशोर पर हमला, आंख पर लोहे की रॉड से वार; लगे 10 टांके

08 Aug 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर: कोटगेट थाना क्षेत्र में सब्जी मंडी के पास 17 वर्षीय किशोर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि 5-6 युवकों ने किशोर को घेरकर मारपीट की और उसकी आंख पर लोहे की रॉड से वार कर दिया। हमले में किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया और आंख के पास 10 टांके लगाने पड़े।

Advertisement

सब्जी मंडी के पास किशोर को घेरा

पुलिस के अनुसार आसादत सुनारों की गुवाड़ निवासी 17 वर्षीय सुमित सोनी पुत्र भवानीशंकर सोनी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पीड़ित ने बताया कि 6 अगस्त की शाम करीब 6:30 बजे वह सब्जी मंडी के पास मौजूद था। इसी दौरान 5-6 लड़कों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

आंख पर लोहे की रॉड से किया वार

पीड़ित के अनुसार मारपीट के दौरान आरोपियों ने लोहे की रॉड से उसकी आंख पर हमला कर दिया। इससे आंख के पास गंभीर चोट आई। शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोटें लगीं। घायल किशोर को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी आंख के पास 10 टांके लगाए गए।

आपसी रंजिश का बताया जा रहा विवाद

सुमित ने पुलिस को बताया कि ग्रवित सोलंकी और आशीष बेनीवाल सहित कुछ युवक उससे आपसी रंजिश रखते हैं। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी पहले भी उसे जान से मारने की धमकी दे चुके हैं। हालांकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

भीड़ जुटी तो आरोपी मौके से भागे

मारपीट के दौरान आसपास लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी

कोटगेट थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश के साथ-साथ घटना के कारणों और आपसी विवाद की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी है। आसपास के लोगों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Advertisement
Share: