बीकानेर: पीबीएम में एक और प्रसूता की मौत, उठे इलाज व्यवस्था पर सवाल

06 Jul 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर: पीबीएम में एक और प्रसूता की मौत, उठे इलाज व्यवस्था पर सवाल

बीकानेर। पीबीएम अस्पताल से एक बार फिर चिंताजनक खबर सामने आई है। पिछले कुछ दिनों में लगातार तीसरी प्रसूता की मौत हो गई है। इसी अवधि में एक नवजात की भी मौत हो चुकी है। लगातार सामने आ रहे इन मामलों के बाद पीबीएम अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं और उपचार व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार 3 जुलाई को जनाना अस्पताल में लाली की सिजेरियन डिलीवरी हुई थी। डिलीवरी के बाद अत्यधिक रक्तस्राव (हेवी ब्लीडिंग) होने से उसकी तबीयत बिगड़ गई। गंभीर हालत में उसे ट्रॉमा आईसीयू में भर्ती कर वेंटिलेटर पर रखा गया। उपचार के दौरान कार्डियक अरेस्ट आने पर चिकित्सकों ने सीपीआर देकर उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन रविवार को उसकी मौत हो गई।

गौरतलब है कि इससे पहले भी बीते दिनों पीबीएम अस्पताल में दो प्रसूताओं और एक नवजात की मौत के मामले सामने आए थे। इन घटनाओं के बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं और उपचार प्रक्रिया को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि हाल ही में कांग्रेस ने पीबीएम अस्पताल में अव्यवस्थाओं, उपचार व्यवस्था में सुधार और कथित भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर करीब 20 दिनों तक धरना भी दिया था। अब लगातार तीसरी प्रसूता की मौत के बाद अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली फिर चर्चा के केंद्र में आ गई है।

फिलहाल अस्पताल प्रशासन की ओर से इस मामले में विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। यदि जांच होती है तो उसके निष्कर्षों के बाद ही मौत के कारणों और किसी संभावित लापरवाही के संबंध में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।

Share: