बीकानेर में बड़ा सड़क हादसा: टायर फटने से बलेनो कार पलटी, ट्रेलर से टकराई; महिलाएं-बच्चों समेत 6 घायल
बीकानेर। बीकानेर जिले के गजनेर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-11 पर दरबारी फाटा के पास शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में एक बलेनो कार अनियंत्रित होकर पलट गई और सड़क किनारे खड़े ट्रक-ट्रेलर से जा टकराई। दुर्घटना में महिलाओं और बच्चों सहित छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए बीकानेर भेजा गया है।
टायर फटने से हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार बलेनो कार कोलायत से बीकानेर की ओर जा रही थी। इसी दौरान दरबारी फाटा के पास अचानक कार का एक टायर फट गया। टायर फटते ही चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार अनियंत्रित होकर कई बार पलटती हुई सड़क किनारे खड़े ट्रक-ट्रेलर से जा भिड़ी।
मौके पर मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना तेज था कि टक्कर की आवाज दूर तक सुनाई दी। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और कार में फंसे घायलों को बाहर निकालने में मदद की।
महिलाओं और बच्चों सहित छह घायल
हादसे में कार में सवार एक पुरुष, तीन महिलाएं और दो बच्चे घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक सहायता देने के बाद एंबुलेंस की मदद से बीकानेर के अस्पताल पहुंचाया गया।
ट्रोमा सेंटर के इंचार्ज डॉ. कपिल के अनुसार सभी घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है और उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही गजनेर थाना पुलिस के हेड कांस्टेबल हरवीर सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करवाया तथा यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाया।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस की प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का मुख्य कारण कार का टायर फटना माना जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।




