खाते से 1.95 लाख निकाले, 40 लाख के दो चेक लगाए; छह पर केस

23 Sep 2026 BIKANER
Advertisement

खाते से 1.95 लाख निकाले, 40 लाख के दो चेक लगाए; छह पर केस

बीकानेर। जय नारायण व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्र में एक महिला के बैंक खाते से 1.95 लाख रुपए ट्रांसफर होने और उसके हस्ताक्षर वाले 40 लाख रुपए के दो चेक बैंक में लगाए जाने का मामला सामने आया है। महिला ने पति समेत छह लोगों पर चेक चोरी कर उनका दुरुपयोग करने और राशि निकालने की कोशिश का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार सिमरन पत्नी हेमन्त ने रिपोर्ट में बताया कि 18 सितंबर को उसके बैंक खाते से चेक नंबर 000019 के जरिए 1.95 लाख रुपए सोनू नाम के व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर होने का मैसेज मिला। महिला का कहना है कि उसने सोनू को कोई चेक नहीं दिया था। इसके बाद 19 सितंबर को बैंक पहुंचकर उसने खाते से जुड़े चेकों पर स्टॉप पेमेंट करवा दिया।

रिपोर्ट के मुताबिक, इसके बाद चेक नंबर 000020 से शिवरतन नागल के नाम 20 लाख रुपए और 22 सितंबर को चेक नंबर 000021 से जयसिंह के नाम 20 लाख रुपए के चेक क्लियरेंस के लिए बैंक में प्रस्तुत किए गए। दोनों चेकों पर बैंक की ओर से स्टॉप पेमेंट कर दिया गया।

पति समेत छह लोगों पर आरोप

महिला ने आरोप लगाया कि उसके हस्ताक्षर किए हुए चेक उसके पति के पास थे और उन्हें घर से निकालकर संबंधित लोगों ने बैंक में प्रस्तुत किया। रिपोर्ट में महिला ने पति हेमन्त सागवान, ससुर ओमप्रकाश, सास संतोष, मामा ससुर शिवरतन नागल, जयसिंह और सोनू के खिलाफ आपराधिक षड्यंत्र कर चेकों का दुरुपयोग करने के आरोप लगाए हैं।

पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई ईश्वर सिंह को सौंपी गई है। पुलिस चेकों, बैंक लेनदेन और लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।

Share: