बीकानेर में राठौड़ ट्रैवल्स की वॉल्वो बसों में तोड़फोड़, अज्ञात पर केस
बीकानेर। शहर के करणी नगर इलाके में देर रात राठौड़ ट्रैवल्स की खड़ी वॉल्वो बसों में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। अज्ञात बदमाशों ने बसों के शीशे तोड़ने के साथ इंजन को भी नुकसान पहुंचाया। घटना रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार राठौड़ ट्रैवल्स के अधिवक्ता समुद्र सिंह राठौड़ ने बीछवाल थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ परिवाद दिया है। आरोप है कि बदमाशों ने किसी अन्य वाहन की मदद से बसों के इंजन को क्षतिग्रस्त किया।
घटना के बाद पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। होटल करणी भवन पैलेस के साथ आसपास के घरों और दुकानों में लगे कैमरों से आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
घटना के बाद प्राइवेट बस ऑपरेटर्स एसोसिएशन भी सक्रिय हो गया है। एसोसिएशन की ओर से जल्द पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग किए जाने की बात कही गई है।




