बीकानेर में भाजपा का युवा एवं कार्यकर्ता संवाद, संजय भाटिया बोले—‘Gen Z’ भारत का भविष्य और असली ताकत
बीकानेर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राजस्थान प्रभारी संजय भाटिया ने कहा कि ‘जेन जी’ (Gen Z) भारत का भविष्य और देश की वास्तविक ताकत है। युवाओं को जातिगत राजनीति की सीमाओं से ऊपर उठकर राष्ट्र निर्माण, टीमवर्क और संगठन की मजबूती के लिए समर्पित भाव से काम करना चाहिए। वे गुरुवार को भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित ‘युवा एवं कार्यकर्ता संवाद’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
भाजपा शहर जिला अध्यक्ष सुमन छाजेड़ के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में संजय भाटिया ने युवाओं और कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद किया तथा संगठन, समाजसेवा और राजनीति से जुड़े विषयों पर अपने विचार साझा किए।
युवा ऊर्जा का सकारात्मक दिशा में हो उपयोग
संजय भाटिया ने कहा कि ‘Gen Z’ शब्द भले ही विदेशों से आया हो, लेकिन भारत की युवा पीढ़ी का चरित्र और संस्कार अलग हैं। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग करते हुए देश के नवनिर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि युवाओं को दिशाहीन गतिविधियों से दूर रहकर राष्ट्रहित, टीमवर्क और सामाजिक जिम्मेदारियों को प्राथमिकता देनी चाहिए।
आपातकाल के संघर्ष से प्रेरणा लेने का आह्वान
भाटिया ने वर्ष 1975 के आपातकाल का स्मरण करते हुए युवा पीढ़ी से उस दौर के लोकतांत्रिक संघर्षों से प्रेरणा लेने की बात कही। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की विचारधारा और संघर्षपूर्ण इतिहास को गहराई से समझने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि कई पीढ़ियों से संगठन के लिए समर्पित कार्यकर्ताओं का त्याग और योगदान पार्टी की महत्वपूर्ण पूंजी है।
टीमवर्क और संगठन को बताया अहम
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों से जुड़े अपने संगठनात्मक अनुभव साझा करते हुए संजय भाटिया ने कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयास और परिश्रम के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राजनीति में व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा से ऊपर संगठन और टीमवर्क को महत्व दिया जाना चाहिए।
संवाद सत्र के दौरान युवाओं ने संगठनात्मक कार्यशैली, समाजसेवा और राजनीति से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे। संजय भाटिया ने उनके सवालों के जवाब देते हुए मार्गदर्शन किया।
प्रदेश और जिला स्तर के पदाधिकारी रहे मौजूद
मीडिया संयोजक कमल गहलोत के अनुसार कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री मिथिलेश गौतम, प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारी लाल बिश्नोई, प्रदेश मंत्री आईदान सिंह भाटी, संगठन प्रभारी देवेंद्र पारीक, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सत्यप्रकाश आचार्य और अखिलेश प्रताप सिंह शामिल हुए।
पूर्व महापौर सुशीला कंवर राजपुरोहित, महावीर सैनी, संपत पारीक, नारायण चोपड़ा और वेद व्यास सहित वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। जिला कार्यकारिणी से जिला महामंत्री एडवोकेट कौशल शर्मा, जिला उपाध्यक्ष मोतीलाल हर्ष, अशोक प्रजापत, भूपेंद्र शर्मा, सरिता नाहटा और सोहन प्रजापत सहित अन्य पदाधिकारियों ने भाग लिया।
इसके अलावा जिला मंत्री धर्मेंद्र सिंह सोलंकी, किशन चौधरी, विनोद करोल, कमल गहलोत, सोशल मीडिया सह संयोजक मंजुषा भास्कर, आईटी सेल संयोजक सुशील आचार्य, कार्यालय सह मंत्री रघुवीर प्रजापत और राम कुमार व्यास सहित विभिन्न मोर्चों, प्रकोष्ठों और मंडलों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
Aapni Awaj | बीकानेर






