बीकानेर जेल में फिर मिला प्रतिबंधित सामान: गश्त के दौरान मिले जर्दे के 156 पाउच, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

27 Jun 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर जेल में फिर मिला प्रतिबंधित सामान: गश्त के दौरान मिले जर्दे के 156 पाउच, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

बीकानेर। बीकानेर केन्द्रीय कारागृह में एक बार फिर प्रतिबंधित सामान मिलने का मामला सामने आया है। जेल परिसर में गश्त के दौरान लावारिस हालत में जर्दे के पैकेट मिलने के बाद बीछवाल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार घटना बीछवाल थाना क्षेत्र स्थित केन्द्रीय कारागृह की है। जेल प्रहरी विक्रम सिंह रावल ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट के मुताबिक 26 जून की अलसुबह जेल परिसर में गश्त के दौरान कुछ संदिग्ध सामान दिखाई दिया।

जांच करने पर टेप से पैक किए हुए जर्दे के पांच पैकेट मिले। पैकेट खोलकर देखने पर उसमें गणेश जर्दे के 156 पाउच बरामद हुए।

जेल प्रहरी ने बरामद सामान को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। इसके बाद बीछवाल थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि बीकानेर जेल से पहले भी कई बार प्रतिबंधित सामान मिलने के मामले सामने आ चुके हैं। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि प्रतिबंधित सामान जेल परिसर तक कैसे पहुंचा और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।

Share: