बीकानेर मेयर चुनाव में डागा का कांग्रेस पर्चा खारिज, अनिल कल्ला पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी
बीकानेर। बीकानेर महापौर का चुनाव 21 सितंबर को होगा। इससे पहले गुरुवार को महापौर पद के लिए दाखिल नामांकनों की स्क्रूटनी हुई। इसमें वार्ड नंबर 50 से कांग्रेस पार्षद नवरतन डागा का कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में दाखिल नामांकन खारिज हो गया। इसके साथ ही कांग्रेस की ओर से महापौर पद के लिए अनिल कल्ला का नाम स्पष्ट हो गया है।
डागा का कांग्रेस पर्चा खारिज
नवरतन डागा ने महापौर पद के लिए कांग्रेस प्रत्याशी के साथ-साथ निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर भी नामांकन दाखिल किया था। गुरुवार को हुई स्क्रूटनी में उनका कांग्रेस की ओर से दाखिल नामांकन खारिज कर दिया गया।
वहीं अनिल कल्ला ने पार्टी की ओर से सिंबल मिलने के बाद महापौर पद के लिए नामांकन दाखिल किया था। डागा के दो नामांकन दाखिल करने के बाद कांग्रेस की ओर से प्रत्याशी को लेकर चर्चा बनी हुई थी, लेकिन स्क्रूटनी के बाद कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी को लेकर स्थिति स्पष्ट हो गई है।
निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर डागा मैदान में
कांग्रेस की ओर से दाखिल नामांकन खारिज होने के बावजूद नवरतन डागा का निर्दलीय नामांकन मैदान में है। ऐसे में डागा अभी भी महापौर चुनाव की प्रक्रिया में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में शामिल हैं।
अब 21 सितंबर को होने वाले मतदान में महापौर पद के लिए पार्षदों के वोट डाले जाएंगे।




