सीएम मूंधड़ा अस्पताल में मरीज के परिजनों का हाईवोल्टेज ड्रामा! वार्ड में चले लात-घूंसे

24 Aug 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर। बीकानेर में हाल ही में जनता को समर्पित किए गए सीएम मूंधड़ा अस्पताल से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और मरीजों के परिजनों के व्यवहार पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। रविवार को सामने आए इस वीडियो में एक भर्ती मरीज के परिजन आपस में ही भिड़ते नजर आ रहे हैं। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले और अस्पताल के वार्ड में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

Advertisement

हंगामे के दौरान एक युवक अस्पताल में मरीजों को लगाए जाने वाले ग्लूकोज स्टैंड को उठाकर हमला करने की कोशिश करता हुआ भी दिखाई दिया। घटना का वीडियो अब सामने आने के बाद पूरे मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। गनीमत रही कि विवाद के दौरान किसी मरीज को गंभीर चोट नहीं लगी।

पॉइजनिंग केस के मरीज को लेकर शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार सीएम मूंधड़ा अस्पताल में पॉइजनिंग से पीड़ित एक मरीज भर्ती था। रविवार को मरीज से मिलने के लिए उसके ससुराल पक्ष के कुछ लोग अस्पताल पहुंचे थे। इसी दौरान मरीज के संबंध में बातचीत के बीच वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने कथित तौर पर यह टिप्पणी कर दी कि युवक को जहर उसकी पत्नी ने दिया है।

बताया जा रहा है कि इसी टिप्पणी के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते बहस ने विवाद का रूप ले लिया और दोनों पक्ष एक-दूसरे से मारपीट करने लगे। अस्पताल के वार्ड में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों के बीच अचानक हुए इस हंगामे से कुछ देर के लिए माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया।

ग्लूकोज स्टैंड लेकर हमला करने की कोशिश

वायरल वीडियो में विवाद के दौरान एक युवक ग्लूकोज स्टैंडी हाथ में उठाए नजर आ रहा है। दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट होती दिखाई दे रही है। अस्पताल परिसर में इस तरह का हंगामा होने से वहां मौजूद अन्य मरीजों और उनके परिजनों में भी चिंता का माहौल बन गया।

बताया जा रहा है कि विवाद इतना बढ़ गया था कि अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों को तत्काल मौके पर पहुंचना पड़ा। सुरक्षाकर्मियों ने दोनों पक्षों को अलग किया और काफी मशक्कत के बाद स्थिति को शांत कराया।

सुरक्षाकर्मियों ने संभाला मोर्चा, पुलिस को बुलाया

हंगामे की सूचना मिलने के बाद अस्पताल प्रशासन की ओर से पुलिस को जानकारी दी गई। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के लोगों को पुलिस के हवाले किया गया। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।

अस्पताल प्रशासन और मेडिकल कॉलेज प्रशासन से हुई बातचीत में अधिकारियों ने बताया कि घटना पॉइजनिंग केस में भर्ती मरीज के परिजनों के बीच हुए विवाद से जुड़ी है। अधिकारियों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच पहले से भी विवाद चलने की बात सामने आई है।

पहले से चल रहा था दोनों पक्षों में विवाद?

अस्पताल प्रशासन के अनुसार प्रारंभिक जानकारी में यह बात सामने आई है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद था। अस्पताल में मरीज से मिलने के दौरान किसी सदस्य की टिप्पणी के बाद पुराना विवाद फिर सामने आ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई।

अब पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि विवाद की वास्तविक शुरुआत किस बात से हुई और मारपीट के दौरान किन लोगों की भूमिका रही।

अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी उठे सवाल

सीएम मूंधड़ा अस्पताल में सामने आए इस घटनाक्रम ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। मरीजों के इलाज के लिए बनाए गए वार्ड में परिजनों के बीच मारपीट और ग्लूकोज स्टैंड जैसी वस्तु को लेकर हमला करने की कोशिश गंभीर मामला है। हालांकि सुरक्षाकर्मियों ने समय रहते हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित कर लिया।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वीडियो सामने आने के बाद यह देखना भी महत्वपूर्ण होगा कि अस्पताल परिसर में मारपीट करने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस की ओर से क्या कानूनी कार्रवाई की जाती है।

Share: