कलेक्टर ने अफसरों को दिए 7 दिन में परिवाद निपटाने के निर्देश, बैंकों में नहीं अटकेंगे ऋण आवेदन
बीकानेर। जिला कलेक्टर निशांत जैन ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संपर्क पोर्टल, फ्लैगशिप योजनाओं और बजट घोषणाओं की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संपर्क पोर्टल पर प्राप्त परिवेदनाओं का अधिकतम सात दिन में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही परिवादी की संतुष्टि का स्तर बढ़ाने पर भी जोर दिया।
17 दिन के औसत निस्तारण समय को घटाने के निर्देश
जिला कलेक्टर ने बताया कि जिले में संपर्क पोर्टल पर परिवेदनाओं के निस्तारण का औसत समय 17 दिन है। उन्होंने इसे कम करने के निर्देश दिए। नगर निगम की सर्वाधिक लंबित परिवेदनाओं को प्राथमिकता से निस्तारित करने के साथ सीएमओ और सीपी ग्राम की परिवेदनाओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश भी दिए गए।
ई-फाइलिंग को प्राथमिकता देने के निर्देश
कलेक्टर ने सभी विभागों को ई-फाइलिंग व्यवस्था का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ई-फाइलिंग से फाइल गुम होने की संभावना कम होती है और रिकॉर्ड में पारदर्शिता बनी रहती है।
पीएम विश्वकर्मा योजना के आवेदन लंबित नहीं रखने के निर्देश
फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत बैंकों में लंबित ऋण आवेदनों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने एलडीएम को निर्देश दिए कि बैंकों को भेजे गए आवेदनों को शीघ्र स्वीकृत कराया जाए अथवा नियमानुसार रिजेक्ट किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऋण आवेदन अनावश्यक रूप से बैंकों में लंबित नहीं रहने चाहिए।
इस दौरान लाडो प्रोत्साहन योजना, स्वामित्व योजना, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण, अटल ज्ञान केंद्र, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और स्वीकृतियां शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए गए।
बजट घोषणाओं पर काम तेज करने के निर्देश
जिला कलेक्टर ने डीओआईटी, पीएचईडी, स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, स्किल और रीको सहित विभिन्न विभागों की बजट घोषणाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घोषणाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
65 विद्यार्थी जर्मन और 28 स्पेनिश सीख रहे
उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान डूंगर कॉलेज के प्रतिनिधि प्रो. बृजरतन जोशी ने बताया कि डूंगर कॉलेज में 65 विद्यार्थी जर्मन भाषा और महारानी कॉलेज में 28 विद्यार्थी स्पेनिश भाषा सीख रहे हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में दोनों केंद्र मॉडल के रूप में कार्य कर रहे हैं।
बांठिया स्कूल भीनासर को ग्रीन एनर्जी स्कूल का दर्जा
स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान सीडीईओ अरुण शर्मा ने बताया कि भीनासर स्थित बांठिया राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय को ग्रीन एनर्जी स्कूल के रूप में नामित किया गया है। इससे संबंधित सामग्री भी राज्य स्तर से विद्यालय को प्राप्त हो चुकी है।
जोड़बीड़ आवासीय योजना के लिए 30 करोड़ की डीपीआर
पीएचईडी की समीक्षा में अधीक्षण अभियंता जेके चारण ने बताया कि जोड़बीड़ आवासीय योजना में जलापूर्ति के लिए करीब 30 करोड़ रुपये की डीपीआर तैयार कर करीब सात दिन पहले राज्य स्तर पर भेजी गई है। जिला कलेक्टर ने इसकी प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्य को जल्द आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
10 या अधिक कार्मिक वाले कार्यालयों का शी-बॉक्स पंजीकरण जरूरी
महिला अधिकारिता विभाग की उपनिदेशक अनुराधा सक्सेना ने बताया कि 10 या अधिक कार्मिक वाले सरकारी एवं निजी कार्यालयों का शी-बॉक्स पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है। कार्यालय में सभी कार्मिक पुरुष होने पर भी पंजीकरण आवश्यक है। जिला कलेक्टर ने संबंधित सभी कार्यालयों को पोर्टल पर एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में बीडीए कमिश्नर स्नेहल धायगुडे, जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलजा पांडे, आईएएस मनु गर्ग सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।






