बीकानेर में कांग्रेस नेता के घर दिनदहाड़े चोरी, लाखों के जेवरात और नकदी ले गए चोर
बीकानेर: शहर के मुक्ताप्रसाद थाना क्षेत्र स्थित कृष्णा विहार में कांग्रेस नेता ओमप्रकाश सेन के घर दिनदहाड़े चोरी की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि चोर घर से जेवरात और नकदी चोरी कर ले गए। घटना के समय परिवार के सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे।
पहली और दूसरी मंजिल के कमरों में की तोड़फोड़
जानकारी के अनुसार, चोरों ने घर की पहली और दूसरी मंजिल पर बने कमरों को खंगाल डाला। तिजोरी, अलमारी और बेड में रखा सामान अस्त-व्यस्त कर दिया गया। घर में हुई इस वारदात के बाद क्षेत्र में चिंता का माहौल है। चोरी हुए सामान और नकदी की कुल कीमत का आधिकारिक आंकड़ा अभी सामने नहीं आया है।
सरपंच चुनाव के प्रचार में जुटा है परिवार
ओमप्रकाश सेन कांग्रेस के ओबीसी विभाग के अध्यक्ष हैं। उनकी पत्नी मुन्नी देवी नाईयों की बस्ती ग्राम पंचायत से सरपंच पद का चुनाव लड़ रही हैं। बताया जा रहा है कि परिवार के सदस्य चुनाव प्रचार के सिलसिले में ग्रामीण क्षेत्रों में गए हुए थे। इसी दौरान घर में चोरी की वारदात हो गई।
पुलिस को दी सूचना
घटना की जानकारी पुलिस को दिए जाने की बात सामने आई है। चुनाव के दौरान हुई इस चोरी की वारदात की टाइमिंग को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, चोरी के पीछे किसी विशेष कारण या व्यक्ति की भूमिका को लेकर अभी कोई पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही घटना से जुड़ी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Aapni Awaj | बीकानेर






