Bikaner Crime: आत्महत्या या साजिश? युवक की मौत मामले में ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप, कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ केस

26 Jun 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर। शहर के कोटगेट थाना क्षेत्र में आत्महत्या प्रकरण ने नया मोड़ ले लिया है। न्यायालय के आदेश के बाद ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने परिवादी की शिकायत पर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, बीकानेर के निर्देश पर कोटगेट थाना पुलिस ने लक्ष्मण कुमार सोनी की रिपोर्ट के आधार पर बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच एएसआई जिले सिंह को सौंपी गई है।

परिवादी लक्ष्मण कुमार सोनी ने आरोप लगाया है कि उसका भाई सुरेश कुमार सोनी लंबे समय से पत्नी के पीहर पक्ष की ओर से मानसिक, आर्थिक और शारीरिक प्रताड़ना झेल रहा था। आरोप है कि लगातार दबाव और परेशानियों के चलते सुरेश कुमार ने 22 मई 2026 को आत्महत्या कर ली।

शिकायत में परमेश्वर सोनी, अशोक सोनी सहित अन्य लोगों पर आपराधिक षड्यंत्र, संपत्ति को लेकर दबाव बनाने और मानसिक प्रताड़ना देने के आरोप लगाए गए हैं। परिवादी का कहना है कि ससुराल पक्ष का हस्तक्षेप लगातार बढ़ता गया, जिससे सुरेश तनाव में रहने लगा।

आरोप है कि सुरेश से पैतृक संपत्ति के बंटवारे और बिक्री का दबाव बनाया गया तथा बाद में नई संपत्ति खरीदवाई गई। परिवादी ने दावा किया कि इस पूरे घटनाक्रम के पीछे संपत्ति पर नियंत्रण की मंशा थी।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना से कुछ दिन पहले सुरेश को बुलाकर उसके साथ मारपीट की गई थी। इसके बाद 22 मई को उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिवार का आरोप है कि यह केवल आत्महत्या नहीं बल्कि लगातार प्रताड़ना का परिणाम हो सकता है।

परिवादी ने पुलिस पर भी कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया और न्यायालय की शरण ली। कोर्ट के आदेश के बाद अब पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने बीएनएस की धारा 108, 61(2), 115(2), 126(2), 131, 351(2), 318(2), 316(3), 316(5) सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Share: