बीकानेर में बिना OTP के साइबर ठगी का आरोप, तीन बैंक खातों से निकले ₹2.50 लाख

27 Oct 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर में बिना OTP के साइबर ठगी का आरोप, तीन बैंक खातों से निकले ₹2.50 लाख

बीकानेर। बीकानेर में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। एक व्यक्ति ने आरोप लगाया है कि उसके मोबाइल फोन के बंद रहने के दौरान उसके और परिवार के सदस्यों से जुड़े तीन बैंक खातों से कुल 2 लाख 50 हजार रुपये निकाल लिए गए। परिवादी के अनुसार, रकम निकाले जाने से पहले उसके मोबाइल पर कोई ओटीपी या लिंक प्राप्त नहीं हुआ। कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Advertisement

पांच बार में निकाली गई रकम

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, परिवादी ऋषभ रामपुरिया (35), निवासी रामपुरिया मोहल्ला, बीकानेर और हाल निवासी कोलकाता ने इस संबंध में रिपोर्ट दी है। परिवादी ने बताया कि 22 अक्टूबर 2026 को उसका मोबाइल फोन अचानक बंद हो गया था, जो 25 अक्टूबर को दोबारा चालू हुआ।

मोबाइल चालू होने के बाद बैंक खातों का बैलेंस चेक करने पर उसे रकम निकाले जाने की जानकारी मिली। रिपोर्ट के मुताबिक, परिवादी, उसकी पत्नी कोमल रामपुरिया और माता सरिता रामपुरिया से जुड़े तीन बैंक खातों से पांच अलग-अलग ट्रांजेक्शन में 48 हजार, 50 हजार, 98 हजार, 50 हजार और 4 हजार रुपये निकाले गए। इस तरह कुल 2 लाख 50 हजार रुपये की राशि खातों से निकल गई।

मोबाइल पर OTP या लिंक नहीं आने का दावा

परिवादी का आरोप है कि रुपये निकाले जाने के संबंध में उसके मोबाइल पर कोई ओटीपी या लिंक नहीं आया। उसने आशंका जताई कि अज्ञात लोगों ने मोबाइल हैक कर बैंक खातों से रकम निकालकर धोखाधड़ी की। हालांकि, मोबाइल हैक होने और रकम निकाले जाने के तरीके की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

कोतवाली पुलिस ने दर्ज किया मामला

पुलिस के अनुसार, 26 अक्टूबर 2026 को सीसीटीएनएस के माध्यम से जीरो एफआईआर प्राप्त होने के बाद परिवादी से संपर्क किया गया। इसके बाद परिवादी थाने पहुंचा और लिखित रिपोर्ट पेश की। मामले की जांच एएसआई पृथ्वीराज को सौंपी गई है।

पुलिस मामले में बैंक खातों से हुए लेन-देन और अन्य संबंधित तथ्यों की जांच कर रही है।

Aapni Awaj | बीकानेर

Advertisement
Share: