बीकानेर में अवैध निर्माण पर होगी कार्रवाई, अतिक्रमण पर 2 साल तक की जेल और 20 हजार जुर्माने का प्रावधान

29 Oct 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर में अवैध निर्माण पर होगी कार्रवाई, अतिक्रमण पर 2 साल तक की जेल और 20 हजार जुर्माने का प्रावधान

बीकानेर: शहर के सुव्यवस्थित और सुरक्षित विकास को लेकर बीकानेर विकास प्राधिकरण ने निर्माण संबंधी नियमों की पालना पर जोर दिया है। प्राधिकरण ने आमजन को अतिक्रमण निषेध, सेटबैक नियम, भवन निर्माण की अनिवार्य स्वीकृति और भवन की ऊंचाई सीमा के संबंध में जागरूक किया है।

Advertisement

सार्वजनिक रास्तों, नालियों और पार्कों पर अतिक्रमण प्रतिबंधित

बीकानेर विकास प्राधिकरण की आयुक्त श्रीमती स्नेहल धायगुड़े नाना ने बताया कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाने के लिए नागरिकों को निर्माण संबंधी नियमों की जानकारी होना और उनका पालन करना आवश्यक है। सार्वजनिक मार्गों, नालियों और पार्कों पर अतिक्रमण करना प्रतिबंधित है। अनधिकृत निर्माण या कब्जे के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया जा सकता है।

प्राधिकरण के अनुसार, अतिक्रमण के मामलों में दो वर्ष तक के कारावास और 20 हजार रुपए तक के जुर्माने का प्रावधान है।

निर्माण से पहले लेनी होगी जरूरी स्वीकृति

आयुक्त ने कहा कि भूखंड पर निर्माण कार्य शुरू करने से पहले आवश्यक स्वीकृति लेना अनिवार्य है। बिना अनुमति भूखंड की प्लॉटिंग करने, व्यावसायिक उपयोग के लिए भू-उपयोग में बदलाव करने या अन्य अनधिकृत निर्माण से बचना चाहिए। नियमों का उल्लंघन होने पर संबंधित गतिविधियों के विरुद्ध नियमानुसार ध्वस्तीकरण और सीज करने की कार्रवाई की जा सकती है।

सेटबैक और भवन की ऊंचाई के नियम भी जरूरी

भवन निर्माण के दौरान भूखंड के आगे, पीछे और दोनों तरफ नियमानुसार निर्धारित स्थान छोड़ना आवश्यक है। भवन और सड़क सीमा के बीच भी निर्धारित स्थान बनाए रखना होगा। सेटबैक नियमों का उल्लंघन करने पर संपत्ति सीज करने और नियमों के विपरीत बने हिस्से को हटाने की कार्रवाई की जा सकती है।

भवन की ऊंचाई स्वीकृत निर्माण मानचित्र के अनुरूप होनी चाहिए। अतिरिक्त निर्माण के लिए अनुमति लेने के साथ अग्नि सुरक्षा मानकों और भवन निर्माण से जुड़े अन्य नियमों की पालना करना भी जरूरी है।

नियमों की पालना करने की अपील

आयुक्त स्नेहल धायगुड़े नाना ने आमजन से निर्माण संबंधी नियमों का पालन करने और जागरूक नागरिक के रूप में बीकानेर को स्वच्छ, सुंदर तथा सुव्यवस्थित बनाने में भागीदारी निभाने की अपील की।

Aapni Awaj | बीकानेर

Advertisement
Share: