खाजूवाला ड्रोन तस्करी केस: ₹1 अरब से ज्यादा की हेरोइन नेटवर्क का आरोपी पुलिस की रडार पर

05 Aug 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर ड्रोन ड्रग्स केस: ₹75 हजार का इनामी राकेश प्रजापत फरार, 100 करोड़ से ज्यादा की हेरोइन तस्करी से जुड़े तार

बीकानेर। पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए एक अरब रुपये से अधिक मूल्य की हेरोइन और विदेशी हथियार मंगाने के मामलों में वांछित ₹75 हजार के इनामी आरोपी राकेश प्रजापत की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि वह पंजाब के जलालाबाद क्षेत्र में फरारी काट रहा था।

गौरतलब है कि 2 अगस्त को खाजूवाला के चक 6 बीडी क्षेत्र में पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भेजी गई करीब 50 करोड़ रुपये की हेरोइन, 11 पिस्टल और 100 कारतूस बरामद किए गए थे। इस मामले में ब्यावर जिले के जैतारण निवासी वीरेन्द्र राजपुरोहित को गिरफ्तार किया गया था, जो वर्तमान में जोधपुर में रह रहा है।

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि वीरेन्द्र को यह खेप लेने के लिए पाली जिले के चौपड़ा निवासी राकेश प्रजापत ने भेजा था। जांच एजेंसियों के अनुसार राकेश पहले भी पूगल क्षेत्र में पकड़ी गई करीब 70 करोड़ रुपये की हेरोइन तस्करी के मामले का मुख्य आरोपी है।

राकेश प्रजापत पर बीकानेर रेंज आईजी द्वारा ₹50 हजार तथा पाली पुलिस द्वारा ₹25 हजार का इनाम घोषित किया गया है। इस प्रकार उस पर कुल ₹75 हजार का इनाम है।

रिमांड पर चल रहे वीरेन्द्र ने पुलिस को बताया कि उसकी राकेश से वर्ष 2018 में बेंगलुरु में मुलाकात हुई थी और दोनों एक-दूसरे को लंबे समय से जानते हैं। उसने यह भी बताया कि 15 जुलाई को राकेश ने वर्चुअल नंबर से कॉल कर सूचना दी थी कि पाकिस्तान से खाजूवाला बॉर्डर पर हेरोइन और अवैध हथियारों की खेप आने वाली है, जिसे उठाकर आगे पहुंचाना है।

पुलिस अब राकेश प्रजापत की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का मानना है कि उसकी गिरफ्तारी के बाद अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Share: