बीकानेर में ड्रोन से भेजी गई 10 किलो हेरोइन और 11 विदेशी हथियार बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार
बीकानेर। स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले बीकानेर पुलिस ने सीमा पार से ड्रोन के जरिए भेजी गई नशे और हथियारों की बड़ी खेप पकड़ने में सफलता हासिल की है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 10 किलो हेरोइन और 11 विदेशी हथियार बरामद किए हैं। मामले में एक आरोपी वीरेन्द्र को गिरफ्तार किया गया है।
जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह खेप सीमा पार से ड्रोन ड्रॉपिंग के माध्यम से भारतीय सीमा में पहुंचाई गई थी। पुलिस के अनुसार बरामद सामग्री को आगे सप्लाई करने की तैयारी की जा रही थी।
पुलिस ने मामले में पूरे गिरोह को नामजद करते हुए नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में साइबर सेल के दीपक यादव और श्रीराम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
फिलहाल पुलिस अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।



