बीकानेर की सड़कों पर बेखौफ दौड़ रहे बिना तिरपाल के डम्पर, हादसे का बढ़ा खतरा
बीकानेर। शहर की सड़कों पर कंकरीट और पत्थरों से भरे डम्पर बिना तिरपाल के दौड़ रहे हैं। इससे न केवल धूल उड़ रही है, बल्कि वाहनों से गिरते पत्थरों के कारण सड़क हादसों का खतरा भी बढ़ता जा रहा है।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार बजरी, पत्थर और अन्य खनन सामग्री लेकर चलने वाले वाहनों को तिरपाल से ढकना अनिवार्य है। इसका उद्देश्य सड़क पर चलने वाले लोगों को उड़ती धूल और गिरने वाली सामग्री से बचाना है।
ओवरब्रिज और व्यस्त मार्गों पर बढ़ा खतरा
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर के व्यस्त मार्गों और ओवरब्रिज पर ऐसे डम्पर ज्यादा परेशानी पैदा कर रहे हैं। वाहन से अचानक पत्थर गिरने पर दोपहिया वाहन चालकों और छोटे वाहनों के लिए बड़ा खतरा हो सकता है।
नियमों के बावजूद शहर में रोजाना बड़ी संख्या में डम्पर बिना तिरपाल के गुजर रहे हैं। आरोप है कि संबंधित विभागों की ओर से ऐसे वाहनों की नियमित जांच नहीं की जा रही है और न ही प्रभावी कार्रवाई हो रही है।
शहरवासियों ने की कार्रवाई की मांग
स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की पालना सख्ती से करवाई जाए। बिना तिरपाल के चलने वाले डम्परों के खिलाफ कार्रवाई कर संभावित हादसों को रोका जाए।
लोगों का कहना है कि लापरवाही के कारण किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय समय रहते व्यवस्था सुधारना जरूरी है।




