बीकानेर में अवैध शराब परिवहन पर आबकारी विभाग की कार्रवाई, बोलेरो से 288 पव्वे जब्त
बीकानेर: पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव 2026 की आचार संहिता के मद्देनजर आबकारी विभाग ने अवैध शराब की बिक्री और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में बीकानेर ग्रामीण आबकारी निरोधक दल ने बरजांगसर गांव में एक बोलेरो वाहन की तलाशी लेकर देशी शराब के 288 पव्वे बरामद किए। विभाग ने वाहन जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
गश्त के दौरान वाहन को रुकवाकर ली तलाशी
जिला आबकारी अधिकारी संजीव कुमार के अनुसार, आबकारी आयुक्त राजस्थान के निर्देशों के तहत संबंधित अधिकारियों के नेतृत्व में आबकारी निरोधक दल बीकानेर ग्रामीण गश्त कर रहा था। इसी दौरान सांडवा (चूरू) से बरजांगसर की ओर आ रही महिंद्रा बोलेरो गाड़ी नंबर RJ 07 UA 4143 को रुकवाकर तलाशी ली गई।
छह पेटियों में मिले 288 पव्वे
विभाग के अनुसार, वाहन की तलाशी के दौरान छह गत्ते की पेटियों में रखे ग्लोबस नींबू देशी शराब के कुल 288 पव्वे बरामद हुए। इसके बाद वाहन को राजस्थान आबकारी अधिनियम की धारा 19/54 एवं 54ए के तहत जब्त कर लिया गया।
चालक के खिलाफ FIR दर्ज
मामले में वाहन चालक देवी सिंह पुत्र भीमसिंह, निवासी बरजांगसर, थाना श्रीडूंगरगढ़, जिला बीकानेर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। आबकारी विभाग के अनुसार, मामले में आगे की जांच जारी है।
चुनाव के दौरान कार्रवाई जारी रहेगी
आबकारी विभाग ने बताया कि चुनाव आचार संहिता के दौरान अवैध शराब की बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए गश्त, छापेमारी और निरोधात्मक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Aapni Awaj | बीकानेर समाचार







