बीकानेर में बड़ा फर्जीवाड़ा! बिना बताए ट्रैक्टर लोन का गारंटर बनाया, कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज

16 Jul 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर में ट्रैक्टर लोन फर्जीवाड़ा, बिना जानकारी गारंटर बनाने का आरोप

बीकानेर। बीकानेर में एक निजी फाइनेंस कंपनी के तत्कालीन मैनेजर सहित अन्य लोगों के खिलाफ फर्जी दस्तावेज तैयार कर एक व्यक्ति को ट्रैक्टर लोन में गारंटर बनाने का मामला सामने आया है। न्यायालय के आदेश पर जेएनवीसी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गंगाशहर निवासी कैलाश बिश्नोई ने अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संख्या-3 के समक्ष इस्तगासा पेश कर बताया कि 20 जनवरी 2026 को अपनी क्रेडिट रिपोर्ट देखने पर उन्हें पता चला कि ट्रैक्टर लोन नंबर 2337344 में उन्हें गारंटर दर्शाया गया है। जबकि उन्होंने कभी किसी ट्रैक्टर फाइनेंस के लिए गारंटी नहीं दी और न ही अपने दस्तावेज उपलब्ध कराए।

परिवादी का आरोप है कि फाइनेंस कंपनी के तत्कालीन मैनेजर और अन्य लोगों ने आपराधिक षड्यंत्र के तहत उनके ड्राइविंग लाइसेंस, जमाबंदी और फर्जी हस्ताक्षरों का इस्तेमाल कर लोन फाइल तैयार की। संबंधित लोन खाते में करीब 1.92 लाख रुपये बकाया दर्शाया गया है, जिससे उनकी सिबिल (CIBIL) रिपोर्ट भी प्रभावित हुई।

परिवादी ने मांग की है कि दस्तावेजों और हस्ताक्षरों की एफएसएल जांच कराई जाए, जिससे पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके। उन्होंने बताया कि पहले गंगाशहर थाने और बाद में पुलिस अधीक्षक को भी शिकायत दी गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय की शरण लेनी पड़ी।

न्यायालय के आदेश के बाद जेएनवीसी थाना पुलिस ने तत्कालीन मैनेजर सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई रामावतार को सौंपी गई है।

Share: