बीकानेर: खाद की जमाखोरी और कालाबाजारी पर लगेगी लगाम, कृषि विभाग ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
बीकानेर। जिले में किसानों को नियमानुसार उर्वरक उपलब्ध करवाने और वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए कृषि विभाग ने सख्ती के निर्देश दिए हैं। कृषि विभाग के जिला प्रभारी एवं संयुक्त निदेशक, कृषि (प्रबोधन एवं मूल्यांकन) भगवान सहाय यादव ने गुरुवार को संबंधित अधिकारियों, उर्वरक कंपनियों के प्रतिनिधियों और थोक उर्वरक विक्रेताओं के साथ बैठक कर उर्वरक वितरण व्यवस्था की समीक्षा की।
जमाखोरी और कालाबाजारी पर रोक लगाने के निर्देश
बैठक में भगवान सहाय यादव ने जिले में उर्वरकों की जमाखोरी, कालाबाजारी, डायवर्जन और टैगिंग जैसी अनियमितताओं पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से उर्वरक वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी तरह की अनियमितता सामने आने पर संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
उर्वरक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का होगा निरीक्षण
यादव ने अधिकारियों को प्रत्येक उर्वरक विक्रेता के प्रतिष्ठान का नियमित निरीक्षण करने और उर्वरकों के नमूने लेने के लिए भी निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि किसानों को निर्धारित नियमों के अनुसार उर्वरक उपलब्ध करवाना सुनिश्चित किया जाए तथा वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखी जाए।
कृषि एवं उद्यानिकी योजनाओं की भी समीक्षा
बैठक के दौरान कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन और उर्वरक वितरण व्यवस्था की निगरानी पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
बैठक में ये अधिकारी और प्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में संयुक्त निदेशक मदन लाल, उद्यानिकी उप निदेशक प्रेमाराम, सहायक निदेशक मुख्यालय सुरेंद्र मारू, रघुवर दयाल सुथार, राजूराम डोगीवाल, रुबीना परवीन, मीनाक्षी शर्मा, कृषि अधिकारी गिरिराज, सोमेश तंवर, कविता गुप्ता, मीनाक्षी पंवार, रामन्ना, जोधराज और धनाराम बैरड़ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उर्वरक कंपनी प्रतिनिधि मनीराम जाखड़ और सुमित शर्मा तथा आदान विक्रेता इंद्र तिवाड़ी, निर्मल जैन, सुनील राठी और महिपाल चौधरी सहित अन्य प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
Aapni Awaj | बीकानेर






