बीकानेर में रसगुल्ला-गुलाब जामुन की फैक्ट्री पर कार्रवाई, 1132 किलो माल सीज
बीकानेर। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने बीछवाल औद्योगिक क्षेत्र स्थित मेसर्स रस रसना फूड प्राइवेट लिमिटेड का निरीक्षण किया। इस दौरान रसगुल्ला और गुलाब जामुन के नमूने लिए गए तथा मौके पर उपलब्ध कुल 1132 किलोग्राम रसगुल्ला और गुलाब जामुन को सीज किया गया।
रसगुल्ला और गुलाब जामुन के लिए नमूने
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध ने बताया कि निरीक्षण के दौरान रसगुल्ला और गुलाब जामुन के नमूने लिए गए हैं। इन्हें नियमानुसार जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फर्म को जारी किया इंप्रूवमेंट नोटिस
निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों के संबंध में फर्म को इंप्रूवमेंट नोटिस भी जारी किया गया। विभाग ने मौके पर उपलब्ध 1132 किलोग्राम रसगुल्ला और गुलाब जामुन को सीज कर दिया।
कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी भानू प्रताप सिंह और सुरेंद्र कुमार ने की। विभाग के अनुसार नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।




