बीकानेर में वन विभाग की टीम पर हमला, अवैध शीशम लकड़ी से भरा ट्रैक्टर छुड़ाने पहुंचे 6-7 लोग; महिला वनकर्मी से अभद्रता का आरोप

30 Oct 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर में वन विभाग की टीम पर हमला, अवैध शीशम लकड़ी से भरा ट्रैक्टर छुड़ाने पहुंचे 6-7 लोग; महिला वनकर्मी से अभद्रता का आरोप

बीकानेर: छतरगढ़ वन मंडल क्षेत्र में अवैध लकड़ी से भरा ट्रैक्टर-रेहड़ा जब्त करने के बाद वन विभाग की गश्ती टीम पर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि ट्रैक्टर छुड़ाने पहुंचे 6-7 लोगों ने टीम को घेरकर धक्का-मुक्की और मारपीट की। मौके पर मौजूद महिला वनकर्मी के साथ जातिसूचक और अश्लील गाली-गलौज करने का आरोप भी लगाया गया है। रावला थाना पुलिस ने मामले में विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

Advertisement

शीशम के हरे लट्ठों से भरा था ट्रैक्टर-रेहड़ा

रिपोर्ट के अनुसार, चुनाव ड्यूटी के दौरान क्षेत्र में अवैध कटान रोकने के लिए विशेष गश्त के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में 27 अक्टूबर की शाम करीब 6:17 बजे गश्ती दल प्रभारी के नेतृत्व में टीम ने 7 केपीडी के पास एक ट्रैक्टर-रेहड़े को रोका। वाहन में शीशम की लकड़ी के हरे लट्ठे भरे हुए थे। चालक लकड़ी से संबंधित दस्तावेज नहीं दिखा सका।

इसके बाद टीम ने क्षेत्रीय अधिकारी रावला को सूचना दी और ट्रैक्टर-रेहड़े को जब्त कर वनपाल नाका डंडी ले जाने लगी।

बाइकों पर आए 6-7 लोगों ने सरकारी वाहन को घेरा

रिपोर्ट में बताया गया है कि रात करीब 8 से 8:15 बजे के बीच 13 केपीडी जियावाली की ढाणी के पास बाइकों पर सवार 6-7 लोगों ने वन विभाग की सरकारी गाड़ी को घेर लिया। आरोप है कि अमनदीप सिंह और प्रदीप सिंह, दोनों पुत्र विक्रम सिंह, अपने पांच साथियों के साथ वहां पहुंचे और जब्त ट्रैक्टर छुड़ाने का प्रयास किया।

विरोध करने पर आरोपियों ने वन विभाग की टीम के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की तथा सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई। शिकायतकर्ता महिला वनकर्मी ने आरोप लगाया कि इस दौरान उनके साथ जातिसूचक और अश्लील गाली-गलौज भी की गई।

डीएसपी जयप्रकाश बेनीवाल को सौंपी जांच

रावला थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर विभिन्न अधिनियमों और धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच डीएसपी जयप्रकाश बेनीवाल को सौंपी गई है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है।

Aapni Awaj | बीकानेर क्राइम न्यूज

Advertisement
Share: